
आ गया जंगल का राज,उसके स्वागत को पूरा वन विभाग का महकमा जुट गया। सर्च आपरेशन चलाया,पार्टियां निकली पर निकला जरख। वह भी केवल पगमार्क वाह रे वन विभाग ... बारां. अटरू क्षेत्र के दड़ा रेलवे क्रॉसिंग के समीप टाइगर आने की सूचना के बाद वन विभाग हरकत में आ गया। सुबह से शाम तक अज्ञात वन्यजीव को तलाशा गया, लेकिन कुछ नहीं दिखा। दड़ा में अज्ञात वन्यजीव के खून के साथ बाल चिपके मिले, इसे सैम्पल के तौर पर लिया गया है। इसके साथ ही अदानी पॉवर प्लांट की एयर स्ट्रिप के आस-पास भी उक्त वन्यजीव के होने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम वहां भी पहुंची, वहां जरख के पगमार्क मिले।
तलाश जारी
हालांकि एहतियात के तौर पर शाम तक अज्ञात वन्यजीव की तलाश जारी रही। जानकारी के अनुसार रात को दड़ा में रेलवे क्रॉसिंग के समीप टाइगर देखे जाने की सूचना सुबह वन अधिकारियों तक पहुंची। इसके बाद मंडल वन अधिकारी राजीव कपूर बारां से रवाना हुए और अटरू रेंज का स्टाफ साथ लेकर मौके पर पहुंचे। दड़ा में जहां वन्यजीव देखे जाने की सूचना थी, वहां के पूरे इलाके की छानबीन की गई। इस दौरान एक जगह किसी जीव का खून पड़ा मिला जिसके बाल भी चिपके हुए थे। इसे सैम्पल के तौर पर लिया गया। साथ ही अदानी प्लांट की हवाई पट्टी के समीप क्षेत्र में भी इसी वन्यजीव के देखे जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम वहां भी पहुंची। सिक्यूरिटी कर्मचारियों से जानकारी ली गई।
जांच के दौरान टीम को हवाई पट्टी के समीप क्षेत्र में जरख के पगमार्क मिले। दोपहर बाद मंडल वन अधिकारी बारां लौट आए लेकिन स्थानीय टीम की ओर से शाम तक वन्यजीव को तलाशा जाता रहा।
घंटों तक सर्चिंग के दौरान टीम को कोई वन्यजीव नजर नहीं आया।
उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ साल पहले हरनावदाशाहजी क्षेत्र में अचानक आए पैंथर ने वहां जमकर कहर बरपाया था। पैंथर के हमले में कुछ लोग घायल भी हुए थे। उसके बाद पैंथर नजर नहीं आया। एसीएफ दीपक गुप्ता के अनुसार उक्त पैंथर संभवत: झालावाड़/मध्यप्रदेश की ओर चला गया।
मौके पर पहुंचे
रात को दड़ा, निमोदा क्षेत्र में अज्ञात वन्यजीव दिखने के बाद क्षेत्र में टाइगर देखे जाने की सूचना ही पूरे इलाके में फैली। यहां तक कि इस वन्यजीव द्वारा दो मवेशियों को मारे जाने की बात भी फैली। सुबह वन अधिकारी मौके पर पहुंचे।
Read more : गरीब की जोरू सबकी भाभी ...कैसे हो जाती है ? नहीं जानते तो पढिय़े इसे
-सूचना पर मौके पर पहुंच गए थे। खून व बाल के सैम्पल लिए गए हैं। ये किसी बड़े वन्यजीव के होने की संभावना तो नहीं है। हवाई पट्टी समीप क्षेत्र में जो पगमार्क मिले, वे जरख के लगते हैं। किन्हीं मवेशियों के शिकार होने जैसी बात भी सामने नहीं आई।
राजीव कपूर, डीएफओ