
कहते हैं माता कुमाता नहीं हो सकती किन्तु आधुनिकता और अवैध संबंधों की दौड़ ने माता पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। केलवाड़ा के पास एनएच 27 पर एक बार फिर मां की ममता शर्मसार हुई । खुशियारा पेट्रोल पंप के पास एक कलियुगी मां अपने नवजात को जन्म देकर उसे डिवाइडर के पास फेंक कर चली गई। सूचना पर केलवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और केलवाड़ा अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव का केलवाड़ा ग्राम पंचायत के सहयोग से अंतिम संस्कार करा दिया।
Read more : एक तो सर्दी दूसरी बारिश और तीसरा अंधेरा ...आखिर पूरे शहर में कैसे हो जाता है अंधेरा? जानने के लिए यहां क्लिक करें
--सीसीटीवी फुटेज में दिखी गाड़ी
पेट्रोल पम्प के संचालक ने जब अपने सीसीटीवी के फुटेज चेक किए तो उसमें एक संदिग्ध कार नजर आ रही है जो घटना स्थल पर सुबह 5.45 बजे आकर रूकती है और 5.56 बजे पर वहां से रवाना हो जाती है। घटनास्थल पर प्रसव के ताजा निशान है, जो सुबह के ही प्रतीत होते हैं। पेट्रोल पम्प के चौकीदार गोपीलाल बंजारा ने पुलिस के पहुंचने तक नवजात के शव की जानवरों से सुरक्षा की। इस दौरान वहां ग्रामीणों की भीड़ भी एकत्रित हो गई थी।
यह है मामला
केलवाड़ा थाने के एएसआई रामप्रसाद सेन ने बताया कि केलवाड़ा निवासी किशन माली सुबह अपनी बाल वाहिनी से बच्चों को लेने समरानियां जा रहा था। उसने शव को डिवाइडर के पास पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। खुशियारा पेट्रोल पंप के पास एक नवजात मृत अवस्था में डिवाइडर के पास पड़ा था वहीं ताजा ब्लड के निशान भी थे। इसके बाद शव को केलवाड़ा चिकित्सालय लाकर पोस्टमार्टम करवाया और उसका अंतिम संस्कार करा दिया। एएसआई सेन के अनुसार मामला अवैध संतान का लग रहा है। जिसका प्रसव घटनास्थल पर ही कराकर नवजात को संभवत: वहीं फेंक दिया था। जिसकी तेज सर्दी से मौत हुई है। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
- यह करीब सात महीने का पूर्ण विकसित बालक का भ्रूण है। उसे प्रसव के बाद जीवित ही फेंका गया है।
डॉ. एनबी जोशी, एमएलओ, केलवाड़ा अस्पताल