जिले में आज श्रद्धा व उल्लास से मनाई जाएगी जलझूलनी एकादशी
बारां. शहर समेत जिले में जलझूलनी एकादशी पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। लेकिन इस वर्ष भी बारां शहर में डोल देव विमान यात्रा नहीं निकलेगी। इससे शहर व जिला ही नहीं, दूर-दराज से देवदर्शन को यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु खासे निराश हैं। श्रद्धालु को उत्तीद थी कि इस वर्ष सरकार व प्रशासन शहर के राज मंदिर से भगवान श्रीजी की देव विमान डोल तालाब पहुंचाकर जलवा पूजन की परम्परा को एक साल बाद फिर से शुरू करेगा। लेकिन जिला प्रशासन ने राज्य के गृह विभाग की ओर से जारी कोरोना गाइड लाइन का हवाला देते हुए एक भी देव विमान निकालने की अनुमति नहीं दी।
शहर के आराध्य श्रीजी मंदिर के पुजारी गुरुवार को देव विमान सजाने में जुटे रहे। मंदिर में एक छोटा व एक बड़ा देव विमान सजाया गया है। पुजारियों के अनुसार जिला प्रशासन व देवस्थान विभाग से अभी देव विमान को जलवा पूजन के लिए डोल तालाब ले जाने की अनुमति नहीं मिली है। लेकिन परम्परा के निर्वहन के तहत यह दोनों विमान सजाए गए है। इनमें छोटे विमान से ठाकुरजी का मंदिर परिसर में ही परिक्रमण (परिक्रमा) कराई जाएगी। इसके बाद जलवा पूजन की परम्परा का निर्वहन किया जाएगा। बाद में ठाकुरजी को बड़े विमान में विराजित किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु कोरोना प्रॉटोकाल की पालना के तहत दर्शन कर सकेंगे। यहां निकलने वाले देव विमान यात्रा में विभिन्न समाजों के 55 से अधिक विमान शामिल होते हैं। अब सभी समाजों के श्रद्धालु मंदिर परिसरों में ही जलवा पूजन की रस्म पूरी कराएंगे। बारां का रियासतकालीन डोल महोत्सव 125 वर्ष से मनाया जाता रहा है। लेकिन इस वर्ष लगातार दूसरे वर्ष भी डोल तालाब जलवा पूजन नहीं होगा। जबकि इस वर्ष तालाब शहर में अच्छी बारिश होने से लबालब भर हुआ है।
प्रशासन पर हठधर्मिता का आरोप
दूसरी ओर पारम्परिक शोभायात्रा को कोरोना गाइड लाइन के प्रोटोकाल के तहत प्रतिबंधित करने पर व्यापार महासंघ ने गहरी नाराजगी जताई है। महासंघ के अध्यक्ष ललितमोहन खण्डेलवाल, संरक्षक देवकीनंदन बंसल, धर्मादा संस्था अध्यक्ष विमल बंसल, क वर्ग व्यापार संघ अध्यक्ष हेमराज गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेन्द्र बत्रा, उपाध्यक्ष कन्हैयालाल चित्तोडा, महामंत्री योगेश कुमरा, प्रदीप जैन, मंत्री राहुल कुमरा, प्रमोद गर्ग, शशिकान्त जैन सहित बर्तन व्यापार संघ के महेन्द्र गोयल, सर्राफा संघ के अशोक गर्ग, जगदीश सिंहल, आटो मोबाइल एसोसिएशन के सुदर्शन झाम्ब, पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सरोज कुमार जैन आदि ने कहा कि आएदिन जिले भर में राजनैतिक दलों की रैलियां, सभाएं, बैठकें हो रही हैं। जहां पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहते हैं। इनमें कोरोना प्राटोकाल धज्जियां उड़ती हैं। ऐेसे में एक देव विमान से जलवा पूजवा पूजन की मांग की अनदेखी प्रशासन का हठधर्मितापूर्ण कदम है।