जिले के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को तापमान 32 डिग्री या उससे अधिक ही रहा। बारां में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। यह गर्मी की बढ़ती तीव्रता को दर्शाता है।
बारां. जिले में इन दिनों मौसम में बदलाव का दौर जारी है, इसमें गर्मी तेजी से बढ़ रही है. दिन में धूप लोगों को सताने लगी है। हवा की ठंडक अब गायब हो गई है। गर्म हवा अब महसूस होने लगी है। मार्च के महीने में ही जून जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है, इससे लोग परेशान हैं। जिले के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को तापमान 32 डिग्री या उससे अधिक ही रहा। बारां में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। यह गर्मी की बढ़ती तीव्रता को दर्शाता है।
अस्थाई होगा मौसम का यह परिवर्तन
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। इसे लोगों को कुछ राहत मिलेगी. हालांकि, यह ठंडक अस्थाई होगी। अप्रैल के पहले सप्ताह से फिर से गर्मी तेज हो जाएगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है कि लोगों को गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतनी होगी और आवश्यक उपाय करने होंगे।
विक्षोभ से हो सकता है फिर बदलाव
मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार मौसम में एक बार फिर बदलाव की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इससे अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 27 और 28 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख सकता है। इससे मौसम में बदलाव आएगा।