
बारां. कहने को तो बारां जिले के पंचायत स्तरीय जिला शिक्षा अधिकारी स्कूलों की दशा सुधारने आए थे। लेकिन यह क्या गुरूजी तो बिस्तर में घुस गए। हां जनाब दरअसल प्रशिक्षण था तो गुरूजी का लेकिन किसकी मजाल जो प्रशिक्षित करे। सो वे सब मिलकर कोई मोबाइल पर गीत सुनता रहे तो कोई फेसबुक में लगे रहे। कुछ तो जाकर बिस्तरों में ही घुस गए। कुछ ऐसी ही स्थिति कोटा रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में तृतीय चरण के पदेन प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के तीन दिवसीय आवासीय शिक्षक प्रशिक्षण शिविर के दौरान मिली।
कई पीईईओ सो गए
तृतीय चरण के प्रशिक्षण शिविर में शाहबाद, छीपाबड़ौद, अटरू, किशनगंज व अंता के 76 पीईईओ भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण का समय सुबह 10 से शाम 5 बजे तक है। दोपहर एक से दो बजे तक लंच है लेकिन ज्यादातर पीईईओ खाना खाने के बाद दोपहर सवा दो बजे आवासीय कक्ष में चले गए। यहां पर कई पीईईओ सो गए, जबकि कई मोबाइल पर गाने सुनने लगे। यही स्थिति प्रशिक्षण कक्ष में भी दिखाई दी। यहां भी पीईईओ आपस में गप्पे लड़ाते दिखाई दिए। कई पीईईओ खाना खाने के बाद स्कूल से बाहर चले गए। वे दोपहर तीन बजे बाद प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचे।
शिविर में पहुंचे एडीएम
उद्घाटन में अतिरिक्त जिला कलक्टर शाहबाद पहुंचे। यहां पर उन्होंने समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए, जिससे सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता में ज्यादा से ज्यादा सुधार हो सके।
नोटिस देकर मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
शिविर तीन चरणों में आयोजित किया गया है। इसमें जिले के 221 पीईईओ को प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित किया था लेकिन मात्र 208 र्पीईईओ ने भाग लिया, जबकि 13 पीईईओ अनुपस्थित रहे। अधिकारियों का कहना है कि अनुपस्थित पीईईओ को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। यदि उसने संतोषप्रद जवाब नहीं दिया तो उसपर कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
जिन पीईईओ ने प्रशिक्षण शिविर में भाग नहीं लिया है। उन्हें नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल पर गाने सुनना व नींद निकालना गंभीर है। इसकी जांच की जाएगी।
प्रहलाद राठौर, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, बारां