बारां

दर्दनाक: करंट की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, शव देख बेसुध हुए परिजन

अंता कस्बे के समीप से गुजर रहे नेशनल हाई-वे 27 पर एक ढाबे पर मजदूरी कर रहे चार युवक बुधवार दोपहर विद्युत करंट की चपेट में आ गए। करंट से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए।
2 min read
• •
Updated: 16 Aug 2023, 7:02 PM IST
Two youths died due to electrocution in Baran
अस्पताल में घायल युवक का इलाज कराते हुए

बारां। अंता कस्बे के समीप से गुजर रहे नेशनल हाई-वे 27 पर एक ढाबे पर मजदूरी कर रहे चार युवक बुधवार दोपहर विद्युत करंट की चपेट में आ गए। करंट से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। इनका उपचार यहां उपजिला अस्पताल में चल रहा है, चिकित्सकों ने इनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने मृतक युवकों के शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार नेशनल हाइवे पर चारों युवक एक ढाबे पर कार्य करते थे। वे एक ढाबे पर लाइट लगाने के लिए पास में स्थित पेट्रोल पंप से सीढ़ी लेकर आए। यह सीढ़ी विद्युत या तो 11 केवी विद्युत लाइन को छू गई या फिर लाइन के अर्थिंग से उसमें करंट प्रवाहित हो गया। इससे चारों करंट की चपेट में आ गए। हादसे के तत्काल बाद वहां मौजूद लोग इन्हें उप जिला अस्पताल में लेकर आए। यहां चिकित्सकों की टीम ने परीक्षण करने के बाद महेश (22) पुत्र हीरालाल निवासी खवासपुरा अंता व रामस्वरूप (25) पुत्र परमानंद निवासी बमोरी अंता को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुलदीप व राहुल गंभीर रूप से घायल हुए। इनका उपचार शुरू किया गया। देर शाम तक इनका उपचार चल रहा था। चिकित्सकों ने इनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

बेसुध हो गए परिजन
हादसे की सूचना मिलने के बाद चारों युवकों के परिजन उप जिला चिकित्सालय पहुंच गए। मृतक के परिजन शव देख बेसुध हो गए। उनके साथ पहुंचे लोगों ने मुआवजे की मांग उठाई तथा प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए अंता पुलिस जांच में जुट गई।

मृतक परिवार को दी आर्थिक सहायता
मृतक के परिजन निर्धन होने के कारण भाजपा नगर अध्यक्ष रामेश्वर खंडेलवाल ने मौके पर ही आर्थिक सहायता के रूप में दस हजार रुपए दिए। जिससे वह मृतकों का अंतिम संस्कार कर सके।

हादसे के कारणों की जांच
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। विद्युत निगम के कर्मचारियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। मजदूर जिस व्यक्ति के ढाबे पर कार्य करते थे, उससे भी पूछताछ की जा रही है।

Published on: