बारां

एक पखवाड़े बाद खुलेंगे वैक्सीन के बॉक्स

अब तक 22 फीसदी को ही लगी दूसरी डोज, दो दिन में पात्र लोगों को टीका लगाने की योजना

2 min read
Sep 28, 2021
एक पखवाड़े बाद खुलेंगे वैक्सीन के बॉक्स

बारां. जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लम्बे अरसे बाद मंगलवार को वैक्सीन की खेप पहुंची है। इससे पहले 15 सितम्बर को वैक्सीन मिली थी। इसके बाद से वैक्सीनेशन कार्य ठप था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बारां जिले के लिए मंगलवार को करीब 25 हजार वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। पहले यह वैक्सीन जयपुर से झालावाड़ पहुंची। बाद में झालावाड़ से बारां लाई गई। इससे कई दिनों से वैक्सीनेशन कराने की बांट जोह रहे लोगों को राहत मिलेगी। इस वैक्सीन को पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर लगाया जाएगा। अभी जिले में करीब 22 फीसदी लोगों को ही दूसरी डोज लगी है।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों का कहना है कि फिलहाल संक्रमण सुस्त है। जिले में भी पॉजिटिव मामले नहीं आ रहे है। हालांकि संदिग्ध मरीजों के सेम्पल लेकर जांच तो कराई जा रही है, लेकिन पॉजिटिव नहीं मिल रहे हैं, इससे खासी राहत है। इसके बाद भी लोगों को संक्रमण से बचाव व स्वयं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर अब और ज्यादा एहतियात बरतते हुए वैक्सीनेशन व मास्क लगाने पर ध्यान देने की आवश्यकता है। अब सब कुछ अनलॉक है। सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ जमा हो रही है। बसों में भी पूरी क्षमता से सवारियों को बैठाया जा रहा है। छोटे बच्चों के स्कूल तक शुरू कर दिए गए हैं। इससे एक-दूसरे से संक्रमित होने का खतरा बना रहता है। लोग अधिकाधिक वैक्सीन लगाएंगे तो संक्रमण के जोखिम को और अधिक टाला जा सकेगा।

जब 11 से 32 पहुंची संक्रमण दर
जिले में कोरोना की पहली लहर के दौरान सितम्बर 2020 में संक्रमण की दर सबसे अधिक 11.3 फीसदी रही थी। इसके बाद दूसरी लहर के दौरान अप्रेल 2021 में संक्रमण पहले से अधिक तेजी से फैला तथा संक्रमण की दर 11.04 फीसदी पहुंच गई थी। अप्रेल माह में तो लोगों का ऑक्सीजन लेवल काफी कम होने लग गया था। यहां जिला अस्पताल में ही स्थिति यह आ गई थी कि हर दस मिनट में एक ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत पड़ रही थी तथा ऑक्सीजन की खपत पहले से करीब तीन गुना तक हो गई थी। इसके बाद 20 अप्रेल 2021 को एक दिन में 801 सेम्पलों की जांच में 255 लोग पॉजिटिव मिले थे। इससे उस दिन संक्रमण की दर 31.83 फीसदी तक पहुंच गई थी।

दूसरी डोज के लिए नहीं पहुंच रहे लोग
अधिकांश लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए पहली डोज लगाने में तो खासी फुर्ती दिखाई। इससे जिले में ही करीब 75 फीसदी लोग पहली डोज ले चुके हैं, लेकिन दूसरी डोज लेने के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। जिले में अब तक मात्र दो लाख 2 हजार 286 लोगों ने ही दूसरी डोज ली है। जबकि 9 लाख 18 हजार लोगों को वैक्सीन लगानी है। इस तरह अब तक करीब 22 फीसदी लोग ही दूसरी डोज लगाकर संक्रमण से सुरक्षित हुए है।
-जिले में 15 सितम्बर के बाद अब 28 सितम्बर को करीब 25 हजार वैक्सीन मिली है। आगामी दो दिनों में इन्हें लगाने का प्रयास है। फिलहाल 18 से कम उम्र के बच्चों के लिए वैक्सीनेशन को लेकर कोई निर्देश नहीं मिले हैं।
डॉ. जगदीश प्रसाद कुशवाह, आरसीएचओ

Published on:
28 Sept 2021 06:33 pm
Also Read
View All