बारां

बड़े शहरों की तर्ज पर विकसित होगा बारां, करोड़ों रुपए की लागत से विकास कार्य कराने का खाता तैयार

बारां शहर में पार्क व मनोरंजन के साधन बनेंगे।377 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इसका खाका तैयार कर लिया गया है।
3 min read
• •
Updated: 26 Dec 2024, 3:30 PM IST
Various development works will be carried out in Baran, Rajasthan at a cost of Rs 377 crore

बारां। नगर परिषद की ओर से क्षेत्र के सभी 60 वार्डो में करीब 377 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इसका खाका तैयार कर लिया गया है। इसे आगामी बजट वर्ष 2025-26 में शामिल किए जाने के लिए भिजवाया जा रहा है। इन विकास कार्यो में सर्वाधिक 190 करोड़ रुपए के सड़क व नालियों के प्रस्ताव तैयार किए गए है।

इसके साथ ही विभिन्न सौंन्दर्यकरण के कार्य जिसमें पार्क विकास कार्य, लाइट व्यवस्था, डिवाईडर एवं प्लांटरो का निर्माण कार्य, डोल तालाब पर सिटी पार्क का विकास कार्य, मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण, फूडकोट का निर्माण, सर्किल निर्माण, टाउन हॉल निर्माण समेत अन्य कार्यो के प्रस्ताव तैयार किए गए है।

नगर परिषद सीमाक्षेत्र में 11 गांव सम्मिलित है। इन गांवो के विकास के लिए करीब 80 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। वहीं 11 गांव समेत शहर के कई वार्डो व कच्ची बस्तियों में नालियां नहीं होने के कारण पानी रास्तों पर फैला रहता है। इस कार्य को करवाए जाने के लिए भी करीब 110 करोड़ के प्रस्ताव तैयार किए गए है।

पार्क व मनोरंजन के साधन बनेंगे

परिषद की सीमा क्षेत्र एवं कॉलोनियों में स्थित अधिकांश पार्को का विकास नहीं होने से कॉलोनी वासियों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। ऐसे में पार्को को विकसित करने व शहरवासियों को मनोरंजन के संसाधन उपलब्ध करवाए जाने के लिए करीब 5 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार किए है।

नगर परिषद सीमा क्षेत्र के गांवो तथा वार्डो के मुख्य मार्गों पर ट्यूबलर पोल, डेकोरेटिव पोल आदि नहीं होने से अंधेरा रहता है। जिससे की दुर्घटनाएं होने की संभावना बनी रहती है। साथ ही आवासीय कॉलोनियों में भी प्रकाश व्यवस्था उचित नहीं है। सम्पूर्ण लाइट व्यवस्था के लिए एलईडी लाईटें लगाई जाएगी। जिसके लिए 8 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार किए गए है।

डिवाईडर निर्माण होगा

नगर परिषद सीमा क्षेत्र के मुख्य मार्गो पर डिवाईडरो एवं प्लांटरो का निर्माण किया जाना है। जिससे शहर के सौन्दर्यकरण को बढ़ाया जा सके। इस कार्य के लिए करीब 4.5 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार किए गए है।

सिटी पार्क का विकास

धार्मिक आस्था के केन्द्र डोल तालाब पर सिटी पार्क का विकास कार्य करवाने से शहरवासियों को मनोरंजन व घूमने का स्थान उपलब्ध करवाया जा सकेगा। इस कार्य के लिए करीब 33.50 करोड़ के प्रस्ताव बनाए गए है। शहर के सघन बाजारों में मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण करवाया जाएगा। वहीं खाने-पीने की व्यवस्था के लिए उचित स्थान पर मल्टी लेवल पार्किंग व फूडकोट का निर्माण करवाया जाना जरुरी है। इसके लिए करीब 20 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।

शहर में चौपाटी बाजार होगा विकसित

अन्य शहरों की तर्ज पर बारां शहर में भी चौपाटी बाजार को विकसित किया जाना आवश्यक है। जिसमें 50 खाने पीने की दुकानें मय बैठक व्यवस्था का निर्माण कार्य करवाया जाना प्रस्तावित है। इस कार्य के लिए करीब 19 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार किए गए है।

शहर की बढ़ती आबादी को देखते हुए यातायात व्यवस्था के मध्यनजर आवागमन को व्यवस्थित बनाने के उद्वेश्य से शहर के नलका तिराहा, सहकार भवन तिराहा, मेलेखड़ी तिराहा एवं मांगरोल बाईपास तिराहो पर सर्किल का निर्माण कार्य करवाया जाने के लिए भी करीब 7.10 करोड़ के प्रस्ताव तैयार किए गए है।

चौराहों का सौन्दर्यकरण

शहर में मौजूदा मुख्य चौराहों पर सौन्दर्यकरण के लिए 19.50 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार किए गए है। शहर में सीवरेज कार्य से वंचित क्षेत्र में सीवर लाईन डालने एवं सीवरेज ट्रीटमेन्ट प्लांट का कार्य किए जाने के लिए 60 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार किए है। इस प्रकार से बारां शहर में करीब 377 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद खाका तैयार कर चुका है।

Updated on:
26 Dec 2024, 3:30 PM IST
Published on: