मैडम आप बहुत खूबसूरत हो, अच्छा आदमी देखकर घर बसा लो…क्या बोले गए केलवाड़ा थानाधिकारी

थानेदार पर अशोभनीय बर्ताव का आरोप लगा महिलाओं ने किया प्रदर्शन, महिला आयोग व डीजीपी को ज्ञापन भेज कार्रवाई की मांग
less than 1 minute read
• •
Updated: 9 Mar 2017, 9:50 PM IST
Feature image

केलवाड़ा. 'मैडम आप खूबसूरत हो, अगर आप साठ बरस की होती तो आपके साथ कोई नहीं आता। आप कोई अच्छा आदमी देखकर परिवार बसा लो। इस मामले में कुछ नहीं होने वाला। घर में बैठकर भजन करो।'

केलवाड़ा के थानाप्रभारी पर यह आरोप दिनदहाड़े लूट की वारदात की शिकार हुई एक विधवा चुमकी सरकार ने लगाए हैं। थानेदार के इस व्यवहार से गुरुवार को केलवाड़ा कस्बे में आक्रोश फूट पड़ा।

कई महिलाओं ने थानाप्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया तथा पुलिस के उच्चाधिकारियों को ज्ञापन भेजे। पीडि़ता के साथ ऐसा अशोभनीय बर्ताव अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हुआ।

उपतहसील परिसर में प्रदर्शन

यह मामला सामने आने के बाद गुरुवार को तूल पकड़ गया। महिलाओं ने थानेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उपतहसील में प्रदर्शन किया तथा महिला आयोग, प्रदेश के पुलिस महानिदेशक समेत अन्य अधिकारियों को ज्ञापन भेजे।

गत दिनों कस्बा निवासी विधवा चुमकी सरकार के घर करीब 10 लाख रुपए मूल्य के गहनों की लूट हुई थी। पुलिस इस वारदात का अब तक खुलासा नहीं कर सकी है।

संदेह जताने पर घर पहुंच धमकाया

वारदात के बाद पीडि़ता ने उसके घर फर्नीचर का काम करने वाले विक्की सरकार पर संदेह जताते हुए मामला दर्ज कराया था। विक्की ने 7 मार्च को पीडि़ता के घर पहुंचकर रिपोर्ट वापस लेने के लिए धमकाया। पीडि़ता का कहना है कि इस मामले की जानकारी देने के लिए वह बुधवार को थाने गई थी।

नहीं किया गलत भाषा का इस्तेमाल

उक्त महिला थाने आई थी, लेकिन उससे किसी तरह का अशोभनीय बर्ताव व गलत भाषा का उपयोग नहीं किया। महिला जो आरोप लगा रही है, वे मिथ्या व बेबुनियाद हैं।

भगवती प्रसाद सैनी, थाना प्रभारी केलवाड़ा

Published on: