उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे पर 29 अप्रैल से वाहन दौड़ने लगेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरदोई से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन करेंगे।
बरेली। उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे पर 29 अप्रैल से वाहन दौड़ने लगेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरदोई से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इसके शुरू होने के साथ ही मेरठ से लखनऊ और प्रयागराज तक की दूरी काफी कम समय में तय हो सकेगी, वहीं बरेली से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
गंगा एक्सप्रेसवे का करीब 95 किलोमीटर लंबा हिस्सा बदायूं जिले से होकर गुजरता है। यहां दातागंज, बिनावर और बनकोटा के पास तीन प्रमुख इंटरचेंज बनाए गए हैं। इन इंटरचेंज के जरिए स्थानीय लोगों को सीधे एक्सप्रेसवे से जुड़ने की सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे एक्सप्रेसवे पर हर 15 किलोमीटर के दायरे में पुलिस पिकेट तैनात की जाएगी। इसके साथ ही आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। आवारा पशुओं और अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए दोनों ओर तारबाड़ की व्यवस्था की गई है।
एक्सप्रेसवे की डिजाइन स्पीड 120 किमी प्रति घंटा तय की गई है। आधुनिक यातायात प्रबंधन प्रणाली के तहत पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। तेज गति से वाहन चलाने पर ऑटोमेटिक ऑनलाइन चालान भी होगा, जिससे यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जा सके। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। दातागंज, बिनावर और बनकोटा क्षेत्र में इसके लिए जमीन चिन्हित की गई है। सरकार का उद्देश्य इस कॉरिडोर के जरिए निवेश आकर्षित करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
अभी एक्सप्रेसवे पर आम वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हुई है। निर्माण कंपनी के कुछ वाहन ही नजर आ रहे हैं। बिनावर से बनकोटा और दातागंज तक करीब 40 किलोमीटर के दायरे में सन्नाटा देखा गया, हालांकि स्थानीय लोगों में संचालन को लेकर उत्साह बना हुआ है। एक्सप्रेसवे के बीच डिवाइडर और दोनों किनारों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण की योजना है। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ सफर को भी सुहावना बनाया जा सके।
पीएम के कार्यक्रम से पहले एक्सप्रेसवे पर रन ट्रायल किया जाएगा। जिन जिलों से यह एक्सप्रेसवे गुजर रहा है, वहां व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि संचालन के बाद कोई दिक्कत सामने न आए। डीएम अवनीश राय ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे पूरी तरह तैयार है। इसके शुरू होने से लोगों को बेहतर और तेज सफर की सुविधा मिलेगी, साथ ही सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।