19 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कार वर्कशॉप में गैस सिलिंडर लीक से भड़की आग, सामान बचाने में जिंदा जला मासूम, तीन झुलसे

नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरखन मार्ग स्थित शिवा धर्मकांटे के पास शनिवार रात एक कार वर्कशॉप में सिलिंडर से गैस लीक होने के बाद भीषण आग लग गई।

2 min read
Google source verification

बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरखन मार्ग स्थित शिवा धर्मकांटे के पास शनिवार रात एक कार वर्कशॉप में सिलिंडर से गैस लीक होने के बाद भीषण आग लग गई। आग बुझाने और शादी का सामान बचाने की कोशिश में 13 वर्षीय अजीत कुमार समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के दौरान अजीत की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, महावीर के बेटे द्वारा संचालित एसके श्री श्याम मोटर वर्कशॉप में शनिवार रात घर की महिलाएं खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक सिलिंडर से गैस लीक होने लगी और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया।

शादी का सामान बचाने दौड़े, आग में झुलसे

बताया गया कि महावीर की बेटी विनीता की रविवार को लग्न और सोमवार को बारात आनी थी। शादी के लिए खरीदा गया बेड, शृंगारदान और सोफा समेत काफी सामान वर्कशॉप में रखा था। सामान को जलता देख महावीर, रजा हुसैन, अजीत और साहिल उसे बचाने के लिए आग में कूद पड़े, जिससे चारों गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को आनन-फानन में महानगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अजीत कुमार ने दम तोड़ दिया। अजीत वर्कशॉप में काम करता था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

तीन सिलिंडरों से हो रही थी गैस लीक

स्थानीय लोगों के मुताबिक वर्कशॉप में रखे तीन सिलिंडरों से गैस लीक हो रही थी। परिजन जब स्थिति देखने पहुंचे, तभी आग ने विकराल रूप ले लिया। पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ नीलेश मिश्रा और इंस्पेक्टर अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।