21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जेल से छूटे हिस्ट्रीशीटर ने नीम के पेड़ से लटककर दी जान, 12 दिन पहले ही आया था घर

थाना कैंट क्षेत्र के गांव मिर्जापुर में शनिवार रात एक हिस्ट्रीशीटर युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान रमेश (38) के रूप में हुई है, जो महज 12 दिन पहले ही सात साल की सजा काटकर जेल से घर लौटा था।

2 min read
Google source verification

बरेली। थाना कैंट क्षेत्र के गांव मिर्जापुर में शनिवार रात एक हिस्ट्रीशीटर युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान रमेश (38) के रूप में हुई है, जो महज 12 दिन पहले ही सात साल की सजा काटकर जेल से घर लौटा था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

ग्राम मिर्जापुर निवासी प्रेम सिंह शनिवार रात अपने खेत से भूसा लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान धर्मस्थल के पास नीम के पेड़ पर रस्सी से लटका एक शव दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो वह रमेश था। उन्होंने तुरंत गांव में सूचना दी। सूचना मिलते ही जसवीर सिंह समेत मृतक के भाई सुरेश, अजय और चंद्रपाल मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा।

घर से निकला, खेत तक कैसे पहुंचा पता नहीं

परिजनों के मुताबिक रमेश शनिवार रात करीब आठ-नौ बजे खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। इसके बाद वह कब घर से निकला और डेढ़ किलोमीटर दूर खेतों तक पहुंच गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि वह दिन में उसी स्थान पर प्रसाद चढ़ाने भी गया था। परिजनों ने बताया कि रमेश पिछले कुछ दिनों से गुमसुम था और किसी से ज्यादा बात नहीं करता था। वह अपनी मां से अक्सर कहता था कि अगर उसे दोबारा जेल जाना पड़ा तो वह सजा नहीं काट पाएगा। उसके व्यवहार में आए बदलाव को लेकर परिवार भी चिंतित था।

आपराधिक इतिहास, हाल ही में छूटा था जेल से

रमेश कैंट थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उस पर चोरी, 3/25 आर्म्स एक्ट और 307 जैसी गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज थे। उसे करीब सात साल की सजा हुई थी और वह सात अप्रैल को ही जेल से रिहा होकर घर आया था। वह अविवाहित था और छह भाइयों में एक था, जिनमें से एक भाई वीरपाल की पहले ही मौत हो चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।