बरेली

रामायण वाटिका में स्थापित होगी 51 फीट ऊंची श्रीराम प्रतिमा, मुख्यमंत्री योगी करेंगे लोकार्पण

रामगंगा नगर आवासीय योजना के सेक्टर-2 में तैयार की जा रही रामायण वाटिका अब बरेली की नई आस्था और सांस्कृतिक पहचान बनने जा रही है।
less than 1 minute read
Aug 23, 2025
Feature image

बरेली। रामगंगा नगर आवासीय योजना के सेक्टर-2 में तैयार की जा रही रामायण वाटिका अब बरेली की नई आस्था और सांस्कृतिक पहचान बनने जा रही है। यहां भगवान श्रीराम की 51 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा।


प्रतिमा निर्माण और विशेषताएं

बीडीए के एक्सईएन ए.पी.एन. सिंह ने बताया कि प्रतिमा ब्रॉन्ज धातु से तैयार हो रही है। इसे देश के प्रसिद्ध शिल्पकार राम सुतार बना रहे हैं। वर्तमान में मूर्ति के फाउंडेशन का काम तेजी से चल रहा है और लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
रामायण वाटिका में पंपा सरोवर, राम सेतु और भव्य वाल म्यूरल्स तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें रामायण के प्रमुख प्रसंगों को दर्शाया जाएगा।


16,500 पौधों से सजेगा दंडकारण्य वन

बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि वाटिका में मियावाकी पद्धति से करीब 16,500 पौधे लगाए गए हैं। यहां विकसित दंडकारण्य वन प्राकृतिक आभा और धार्मिक महत्व को जोड़ देगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक ओपन एयर थिएटर भी तैयार किया गया है, जिसमें लगभग 500 लोग एक साथ बैठकर खुले आसमान के नीचे रामायण प्रसंगों पर आधारित कार्यक्रमों का आनंद उठा सकेंगे।


प्रदेश में आस्था का महाकेंद्र बनेगा

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने कहा कि रामायण वाटिका पर तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पण के बाद यह स्थल न केवल बरेली बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का धार्मिक और सांस्कृतिक आकर्षण का केंद्र बनेगा।

Updated on:
23 Aug 2025 09:24 pm
Published on:
23 Aug 2025 09:24 pm