बरेली

बरेली में रिश्तों की पंचायत में खून की बारिश, दामाद ने सास-साले की ली जान, पत्नी को भी नहीं बख्शा, जाने मामला

इज्जतनगर में सोमवार को पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत अचानक खूनी वारदात में बदल गई। पंचायत के दौरान एक युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर अपनी सास और साले की हत्या कर दी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

2 min read
Mar 16, 2026

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी में सोमवार को पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत अचानक खूनी वारदात में बदल गई। पंचायत के दौरान एक युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर अपनी सास और साले की हत्या कर दी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज घटना से पूरे गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अफसर खान का अपनी 24 वर्षीय पत्नी शायमा से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए सोमवार को गांव में दोनों पक्षों के लोगों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान ही किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई। इसी बीच अफसर खान अचानक गुस्से में आ गया और अपने पास रखा चाकू निकालकर हमला कर दिया।

सास और साले को चाकू से किया लहूलुहान

अचानक हुए हमले से पंचायत में मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए थे कि अफसर खान ने चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमले में उसकी 45 वर्षीय सास आसमा और 19 वर्षीय साले आदिल गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। वहीं बीच-बचाव करने आई पत्नी शायमा भी चाकू के वार से बुरी तरह घायल हो गई।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण घायलों को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद आसमा और आदिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शायमा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

गांव में दहशत, पुलिस ने संभाली कमान

दिनदहाड़े हुई इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी और साक्ष्य जुटाने में जुट गई।

पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद को मुख्य कारण माना जा रहा है।

Also Read
View All

अगली खबर