बरेली

अवैध अल्ट्रासाउंड माफिया पर करारा वार… ताबड़तोड़ छापे में दो सेंटर सील, एक पर दर्ज होगा मुकदमा

फरीदपुर में अवैध रूप से चल रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर शनिवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की।

2 min read
Feb 21, 2026

बरेली। फरीदपुर में अवैध रूप से चल रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर शनिवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी विश्राम सिंह के आदेश पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीन केंद्रों पर औचक छापा मारा। जांच के दौरान दो सेंटरों पर तुरंत ताला जड़ दिया गया, जबकि एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

बिना पंजीकरण धड़ल्ले से चल रहा था मर्सी अल्ट्रासाउंड, मौके पर ही सील

छापेमारी की शुरुआत मर्सी अल्ट्रासाउंड से हुई। यहां टीम को वैध पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले। बिना अनुमति के सेंटर संचालित होता पाया गया। नियमों की खुली अनदेखी देख टीम ने बिना देर किए सेंटर को सील कर दिया। आसपास के लोगों में चर्चा रही कि लंबे समय से यहां काम चल रहा था, लेकिन अब प्रशासन की सख्ती ने खेल बिगाड़ दिया। इसके बाद टीम सहारा अल्ट्रासाउंड पहुंची। जांच में सामने आया कि सेंटर अपने पंजीकृत स्थान से अलग जगह पर चल रहा था। यह सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है। अधिकारियों ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों में अफरातफरी का माहौल रहा।

एल्फा अल्ट्रासाउंड बंद मिला, संचालक फरार, अब दर्ज होगा मुकदमा

तीसरे नंबर पर एल्फा अल्ट्रासाउंड की बारी आई, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही सेंटर बंद कर दिया गया था। जानकारी मिली कि निरीक्षण की भनक लगते ही संचालक फरार हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित चिकित्सक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अपना नाम केंद्र से हटाने का आवेदन दे रखा है। प्राथमिक जांच में गड़बड़ी के संकेत मिलने पर अब इस सेंटर के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। नोडल पीसीपीएनडीटी व डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में अवैध रूप से संचालित किसी भी अल्ट्रासाउंड सेंटर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन केंद्रों में अनियमितताएं मिली हैं, उनके खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

Also Read
View All

अगली खबर