राजधानी दिल्ली से शुरू हुई सनक बरेली तक पहुंच गई। बारादरी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़खानी, पीछा करने और तेजाब से हमला करने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी न सिर्फ युवती के पीछे-पीछे बरेली पहुंचा, बल्कि घर तक आकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे डाली।
बरेली। राजधानी दिल्ली से शुरू हुई सनक बरेली तक पहुंच गई। बारादरी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़खानी, पीछा करने और तेजाब से हमला करने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी न सिर्फ युवती के पीछे-पीछे बरेली पहुंचा, बल्कि घर तक आकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे डाली।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ दिल्ली की एक फुटवियर फैक्टरी में काम करती थी। वहीं शीशगढ़ थाना क्षेत्र के मकालपुर निवासी रिजवान भी काम करता था। इसी दौरान उसने युवती पर गलत नजर डालनी शुरू कर दी। आए दिन छेड़खानी करता और शादी से इनकार करने पर तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने की धमकी देता था।
आरोपी की हरकतों से तंग आकर युवती दो साल पहले परिवार के साथ बरेली लौट आई। लेकिन यहां आने के बाद भी आरोपी का आतंक खत्म नहीं हुआ। वह लगातार उसका पीछा करता रहा और अब बरेली में भी उसे परेशान करने लगा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी कई बार उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज करता है। बीच सड़क पर रोककर छेड़खानी करता है और शादी न करने पर तेजाब से हमला करने व पूरे परिवार की हत्या की धमकी देता है। इससे पूरा परिवार दहशत में है।
युवती ने आरोप लगाया कि रिजवान के साथ उसका पिता अशरफ, मां अनोखी और भाई तौहीद भी उसे धमकाने और परेशान करने में शामिल हैं। चारों मिलकर लगातार दबाव बना रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर बारादरी थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह के मुताबिक, आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।