बरेली

सड़क पर मौत का तांडव: मजदूर, दुकानदार और किसान… तीन जिंदगियां निगल गई रफ्तार, परिवार में कोहराम

जिले में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। कहीं मजदूर की मौके पर मौत हुई, तो कहीं दुकानदार और किसान ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इन हादसों ने एक बार फिर सड़कों पर लापरवाही और तेज रफ्तार के खतरनाक सच को उजागर कर दिया है।

2 min read
Apr 03, 2026

बरेली। जिले में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। कहीं मजदूर की मौके पर मौत हुई, तो कहीं दुकानदार और किसान ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इन हादसों ने एक बार फिर सड़कों पर लापरवाही और तेज रफ्तार के खतरनाक सच को उजागर कर दिया है।

शेरगढ़ रोड पर मजदूर की दर्दनाक मौत, साथी गंभीर

बहेड़ी थाना क्षेत्र के शेरगढ़ रोड पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गांव खागाई निवासी 40 वर्षीय गंगाराम अपने साथी ओमपाल के साथ बाइक से लालपुर से रुद्रपुर काम पर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गंगाराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि ओमपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी सावित्री का रो-रोकर बुरा हाल है। गंगाराम ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला था।

परचूनी दुकानदार की स्कूटी में टक्कर, मौके पर मौत

दूसरा हादसा भुता थाना क्षेत्र में हुआ, जहां गांव डांडिया नवाजिया अली निवासी 50 वर्षीय गंगा प्रसाद की जान चली गई। वह भगवा बाजार स्थित अपनी परचूनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। भुता रोड पर एफसीआई गोदाम के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गंगा प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी।

दो बाइकों की भिड़ंत, किसान ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

तीसरा हादसा विशारतगंज थाना क्षेत्र में सामने आया। ग्राम ब्राह्मनाथ निवासी देवदास की दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में गंभीर चोटें आईं। घटना 31 मार्च की है, जब देवदास अपनी ससुराल गहरा से घर लौट रहे थे। तखतपुर गांव के पास बलिया रोड पर दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। घायल देवदास को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। देवदास खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी रेखा और तीन छोटे बच्चे हैं।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, अज्ञात वाहनों की तलाश जारी

तीनों ही मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहनों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की जरूरत को उजागर कर दिया है।

Also Read
View All

अगली खबर