बरेली

महिला डॉक्टर शोषण कांड के बाद बरेली में बवाल, हिंदू महासभा बोली- जिमों में चल रही खतरनाक साजिश, प्रशासन करे सख्त कार्रवाई

शहर के एक जिम में महिला चिकित्सक के यौन शोषण के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा खुलकर मैदान में उतर आई है।
2 min read
May 06, 2026
Feature image

बरेली। शहर के एक जिम में महिला चिकित्सक के यौन शोषण के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा खुलकर मैदान में उतर आई है। बुधवार को संगठन के मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह को ज्ञापन सौंपकर जिले के सभी जिमों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और संचालकों का पुलिस सत्यापन कराने की मांग की।

जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे महासभा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के कुछ जिमों में महिलाओं को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। ज्ञापन में हाल ही में सामने आए महिला डॉक्टर के यौन शोषण के मामले का जिक्र करते हुए कहा गया कि इस तरह की घटनाएं महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ जिम संचालक महिलाओं को मीठी बातों में फंसाकर उनका शोषण कर रहे हैं।

दिल्ली की महिला से मारपीट का भी उठाया मुद्दा

महासभा ने मिनी बाइपास स्थित एक जिम में दिल्ली से आई महिला और उसके परिजनों के साथ हुई मारपीट की घटना का भी हवाला दिया। संगठन का कहना है कि लगातार सामने आ रही घटनाएं किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती हैं। मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक ने कहा कि कई महिलाएं लोक-लाज और बदनामी के डर से सामने नहीं आ पा रही हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि जिले के सभी जिम संचालकों और ट्रेनरों का तत्काल पुलिस सत्यापन कराया जाए। साथ ही प्रत्येक जिम में महिला ट्रेनर की नियुक्ति अनिवार्य की जाए। महासभा ने यह भी कहा कि जिन जिमों में महिला ट्रेनर उपलब्ध नहीं हैं, वहां महिलाओं की एंट्री पर रोक लगाई जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

महिला पुलिस टीम गठित करने का सुझाव

संगठन ने प्रशासन से मांग की कि जिमों की नियमित जांच के लिए महिला पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम बनाई जाए। महासभा ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन के बाद प्रशासन की ओर से मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल शहर में जिमों की सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है।

Updated on:
06 May 2026 05:23 pm
Published on:
06 May 2026 05:22 pm