18 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाई की शादी के जेवर लेकर लापता हुई बहन, पड़ोसी युवक पर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप, तलाश में जुटी पुलिस

Bareilly News: इज्जतनगर थाना क्षेत्र में भाई की शादी के लिए बनवाए गए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर युवक घर से लापता हो गई। परिजनों ने पड़ोस के युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है।
2 min read
Google source verification
up news

फोटो सोर्स: एआई

Bareilly News:। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में भाई की शादी के लिए बनवाए गए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर 21 वर्षीय युवती घर से लापता हो गई। परिजनों ने पड़ोस के युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे उनकी बेटी किसी काम से घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ के बाद जानकारी मिली कि पड़ोस में रहने वाला गोलू उसे अपने साथ ले गया है।

युवक के घर पहुंचे तो मिली धमकी, गाली-गलौज कर भगा दिया

परिजनों का आरोप है कि जब वे बेटी की जानकारी लेने युवक के घर पहुंचे तो वहां मौजूद परिवार के लोगों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि धमकाते हुए भगा दिया। आरोप है कि उन्होंने कहा जो करना था कर लिया, अब जो करना है कर लो, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस घटना के बाद परिवार दहशत में है। घर लौटकर जब परिजनों ने अलमारी की जांच की तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अलमारी से करीब 50 हजार रुपये नकद, 10 तोला सोने के जेवर और लगभग 700 ग्राम चांदी के आभूषण गायब मिले। पीड़ित का आरोप है कि युवती इन्हीं जेवरों और नकदी को अपने साथ ले गई है।

चार महीने बाद बेटे की शादी है, समाज में हो जाएगी बेइज्जती

पीड़ित पिता ने बताया कि चार महीने बाद उनके बेटे की शादी तय है। शादी के लिए वर्षों की मेहनत से जेवर बनवाए गए थे। अब उनके गायब हो जाने से पूरा परिवार सदमे में है। पिता का कहना है कि यदि जेवर वापस नहीं मिले तो शादी की तैयारियां प्रभावित होंगी और समाज में उन्हें शर्मिंदगी का सामना करना पड़ेगा। इज्जतनगर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि युवती की तलाश की जा रही है और सामने आए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।