
पुलिस की गिरफ्त में घायल आरोपी
बरेली। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में महिला को दवाई दिलाने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला को डॉक्टर के यहां छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर बैठाया और सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर फतेहगंज पूर्वी थाने में दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
रविवार सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम शिवपुरी जंगल नहर कोठी के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुवैद उर्फ जुबैर पुत्र जहीरूद्दीन, निवासी ग्राम मलपुर, थाना भुता के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 37,690 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
मुठभेड़ में घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, अवैध शस्त्र रखने और अन्य संबंधित धाराओं में अलग से मुकदमा दर्ज किया है। फतेहगंज पूर्वी इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। मुठभेड़ के बाद उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
12 Jul 2026 05:32 pm
Published on:
12 Jul 2026 05:32 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
