
बरेली एसएसपी अनुराग आर्य (फोटो- यूपी पुलिस/ वेबसाइट)
Bareilly Murder Case: "मेरे पति को मेरे सामने दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया गया, अब उसी हत्या के मुकदमे में गवाही देने की वजह से मुझे भी मारने की साजिश रची जा रही है। मैं बहुत डरी हुई हूं, मुझे बचा लीजिए।" यह दर्द और खौफ बरेली की रहने वाली शिक्षिका संगीता गंगवार का है। अपनी जान खतरे में देख उन्होंने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की मांग की है।
संगीता गंगवार ने बताया कि साल 2021 में उनके देवर विनोद गंगवार की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उसके पति पुष्पेंद्र गंगवार अदालत में भाई की हत्या की मजबूती से पैरवी कर रहे थे। इसके बाद साल 2024 में उनके पति पुष्पेंद्र गंगवार को भी बीच चौराहे पर गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया गया। उन्होंने दावा किया है कि वह अपने पति की हत्या की चश्मदीद गवाह हैं और अदालत में उनकी गवाही भी पूरी हो चुकी है।
संगीता ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पति की हत्या एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी। उनके अनुसार मुख्य आरोपी पूरन लाल ने हत्या से पहले ही खुद को एक अन्य मामले में सरेंडर कर दिया था और जेल चला गया था ताकि किसी को उस पर शक न हो। आरोप है कि उसने जेल के अंदर से ही पूरे हत्याकांड की साजिश रची और अपने गुर्गों के जरिए इस वारदात को अंजाम दिलाया।
संगीता का कहना है कि उनके पति की हत्या के मामले में 15 आरोपी नामजद हैं। इनमें से कुछ आरोपी अब जमानत पर जेल से बाहर आ चुके हैं। यही लोग अब उन्हें जान से मारने की साजिश रच रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि उन्हें जेल तो जाना ही है इसलिए उससे पहले वे संगीता को भी खत्म कर देंगे जिससे मुकदमे की पैरवी करने वाला कोई न बचे।
संगीता ने आरोप लगाया है कि हाल ही में जमानत पर बाहर आए संतोष समेत कई लोग उन्हें मारने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने पूरन लाल, संतोष, गुड्डू, प्रेम, दुर्वेश, सुरेंद्र, महेंद्र, और कान्हा के भाई महेश कुमार, राकेश, रमेश, वीरेश, यशपाल, गजनहेरा निवासी सोमपाल और मुरारपुर के कोटेदार रामप्रकाश का नाम लिया है। उनका कहना है कि ये सभी मिलकर उन्हें रास्ते से हटाना चाहते हैं।
शिक्षिका का कहना है कि पति की हत्या का मुकदमा अब अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही अदालत का फैसला आ सकता है। इसी वजह से सभी आरोपी घबराए हुए हैं और गवाह को जान से मारकर पूरे मामले को कमजोर करना चाहते हैं। संगीता ने दावा किया है कि उनके पास हत्या की साजिश से जुड़े पुख्ता सबूत भी हैं जिन्हें वह पुलिस और जांच एजेंसियों को देने के लिए तैयार हैं। आरोपियों के खौफ के कारण इलाके का कोई भी व्यक्ति खुलकर गवाही देने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है।
संगीता गंगवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को प्रार्थना पत्र देकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जल्द सुरक्षा उपलब्ध कराने की अपील की है।
संबंधित विषय:
Updated on:
08 Jul 2026 06:51 pm
Published on:
08 Jul 2026 06:25 pm
