
नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप गोस्वामी (फाइल फोटो- पत्रिका)
बरेली में सुभाषनगर क्षेत्र के बाला जी मंदिर के पास रहने वाले नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप गोस्वामी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचेत अवस्था में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने पत्नी, साली और साढ़ू पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, कुलदीप और उनकी पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने के बाद पत्नी अपनी बहन और बहनोई के घर रहने लगी थी। आरोप है कि पत्नी अपनी बहन और बहनोई के साथ मिलकर कुलदीप को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी, जिससे वह काफी परेशान रहते थे।
परिवार का आरोप है कि 30 जून को कुलदीप की पत्नी ने महिला थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के बाद कुलदीप मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाना चाहते थे। इसी उद्देश्य से वह समझौता करने और माफी मांगने के लिए अपनी साली के घर पहुंचे, जहां उनकी पत्नी रह रही थी।
परिजनों के अनुसार साली के घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कुछ देर बाद कुलदीप अचेत अवस्था में मिले। उनकी हालत गंभीर देखकर उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार कुलदीप ने जहरीला पदार्थ खाया था। इसी के आधार पर परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी ने उन्हें जहर दिया, जिससे उनकी मौत हुई। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पत्नी, साली और साढ़ू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, विसरा जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, आत्महत्या के लिए उकसाने और परिजनों द्वारा लगाए गए जहर देकर हत्या के आरोप सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Updated on:
04 Jul 2026 02:59 pm
Published on:
04 Jul 2026 02:59 pm
