बरेली

खूंखार कुत्तों का कहर… चार साल के मासूम को झुंड ने जिंदा नोचा, नाले में मिला शव

खेत की ओर अकेले निकले चार वर्षीय अर्श पर लावारिस कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन जब उसे तलाशते हुए पहुंचे तो उसका शव नाले में पड़ा था और कुत्ते उसे नोच रहे थे।

2 min read
Mar 02, 2026

बरेली। शाही थाना क्षेत्र के सुकली गांव में सोमवार सुबह खेत की ओर अकेले निकले चार वर्षीय अर्श पर लावारिस कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन जब उसे तलाशते हुए पहुंचे तो उसका शव नाले में पड़ा था और कुत्ते उसे नोच रहे थे।

अर्श के पिता खुर्शीद ने बताया कि उनके तीन बेटों में अर्श सबसे छोटा था। घर से करीब 500 मीटर दूर उनका खेत है, जहां वह अक्सर बेटे को साथ ले जाते थे। सोमवार को वह पत्नी के साथ गांव में जरूरी काम से चले गए। जागने पर जब अर्श ने माता-पिता को घर में नहीं पाया तो वह अकेले ही खेत की ओर निकल गया।

नाले में मिला शव, देख कांप उठे परिजन

कुछ देर बाद जब अर्श घर और खेत के बीच कहीं दिखाई नहीं दिया तो परिजन उसे खोजने निकले। इसी दौरान नाले के पास कुत्तों का झुंड दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो कुत्ते एक बच्चे को नोच रहे थे। भगाने पर पता चला कि वह अर्श है। उसके शरीर पर गहरे घाव थे और कई जगह से मांस नोंचा जा चुका था। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। शव की हालत देख परिजनों का कलेजा कांप उठा। पोस्टमार्टम कराए बिना ही देर शाम शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।

गांव में लावारिस कुत्तों का आतंक

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लावारिस कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। ये आए दिन लोगों को दौड़ाते हैं और कई को काट भी चुके हैं। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। गांववालों ने कुत्तों को पकड़कर आबादी से दूर छोड़ने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Also Read
View All

अगली खबर