मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के बड़े नेटवर्क पर चोट करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को स्मैक के साथ दबोच लिया। बरामद स्मैक की कीमत करीब 50 लाख रुपये है। आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर स्मैक की खेप लेकर बिक्री के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के बड़े नेटवर्क पर चोट करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को स्मैक के साथ दबोच लिया। बरामद स्मैक की कीमत करीब 50 लाख रुपये है। आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर स्मैक की खेप लेकर बिक्री के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 52 वर्षीय पंकज उपाध्याय उर्फ पंकज शर्मा पुत्र रमेशचंद्र निवासी ग्राम गुलडिया, थाना मीरगंज के रूप में हुई। उसके कब्जे से 502 ग्राम अवैध स्मैक, एक मोटोरौला कीपैड मोबाइल फोन और एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट) बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना मीरगंज का हिस्ट्रीशीटर है। वह पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ बरेली, दिल्ली, मध्यप्रदेश और मुरादाबाद में भी मुकदमे दर्ज हैं। एनडीपीएस के अलावा धोखाधड़ी और जालसाजी जैसे मामलों में भी उसका नाम सामने आ चुका है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह दो अन्य अभियुक्तों के साथ मिलकर लंबे समय से स्मैक तैयार कर उसकी सप्लाई करता था। पुलिस ने बताया कि फरार साथियों की तलाश तेज कर दी गई है और उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में मीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।