बरेली

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, भव्य शोभायात्रा में गूंजे एक भारत, श्रेष्ठ भारत के नारे

भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर रविवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पटेल चौक से शुरू हुई यह यात्रा मुख्य मार्गों से होती हुई बदायूं रोड स्थित स्वयंवर बारातघर तक पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में आम नागरिक, व्यापारी, सामाजिक संगठन और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
less than 1 minute read
• •
Updated: 16 Nov 2025, 4:38 PM IST
Feature image

बरेली। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर रविवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पटेल चौक से शुरू हुई यह यात्रा मुख्य मार्गों से होती हुई बदायूं रोड स्थित स्वयंवर बारातघर तक पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में आम नागरिक, व्यापारी, सामाजिक संगठन और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा में तिरंगा झंडों, देशभक्ति गीतों और सरदार पटेल के संदेशों से सजी झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। सड़क किनारे खड़े लोग लौह पुरुष के जीवन और एकता के संदेश को दर्शाती झांकियों की तस्वीरें खींचते नजर आए। एक भारत, श्रेष्ठ भारत और सरदार पटेल अमर रहें के नारों से माहौल गूंज उठा।

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता उनके दृढ़ संकल्प और मजबूत नेतृत्व की देन है। उन्होंने कहा कि 563 रियासतों का विलय कर आधुनिक भारत का निर्माण करने में सरदार पटेल की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने युवाओं से पटेल के निर्णय क्षमता और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेने की अपील की।

भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि देश का भौगोलिक और राजनीतिक स्वरूप सरदार पटेल की ही दूरदृष्टि का परिणाम है। इस यात्रा में एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, भाजपा नेता देवेंद्र जोशी समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं व संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। शोभायात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पूरी यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।