बरेली

बीपीएल ऑक्शन में नोटों की बारिश… 36 हजार में बिका आगरा का सुपरस्टार, बरेली के खिलाड़ियों ने भी लूटी महफिल

क्रिकेट का जुनून जब सिर चढ़कर बोलता है, तो नोटों की बारिश भी आम हो जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा बीसलपुर चौराहा स्थित होटल में देखने को मिला, जहां बरेली प्रीमियर लीग (बीपीएल) के ऑक्शन में फ्रेंचाइजी मालिकों ने खिलाड़ियों पर दिल खोलकर पैसा लुटाया।

2 min read
Mar 18, 2026

बरेली। क्रिकेट का जुनून जब सिर चढ़कर बोलता है, तो नोटों की बारिश भी आम हो जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा बीसलपुर चौराहा स्थित होटल में देखने को मिला, जहां बरेली प्रीमियर लीग (बीपीएल) के ऑक्शन में फ्रेंचाइजी मालिकों ने खिलाड़ियों पर दिल खोलकर पैसा लुटाया। हर बोली के साथ हॉल में रोमांच बढ़ता गया और खिलाड़ी एक-एक कर करोड़ों के नहीं, लेकिन हजारों के हीरो बनते चले गए।

ऑक्शन का सबसे बड़ा धमाका तब हुआ जब आगरा के पुष्पेंद्र उपाध्याय पर बोली लगी। जैसे ही उनका नाम पुकारा गया, कई टीमों के मालिक आमने-सामने आ गए। बोली बढ़ती गई और आखिरकार 36 हजार रुपये पर जाकर हथौड़ा गिरा। इस एक खरीद ने पूरे ऑक्शन का रुख तय कर दिया—इस बार बाहरी खिलाड़ियों की भी जोरदार डिमांड है।

लोकल खिलाड़ियों का भी जलवा, राठी और निशांत पर बरसे नोट

बरेली के खिलाड़ियों ने भी इस बार अपनी धाक जमाई। बहेड़ी बाउंडर्स ने शिव कुमार राठी को 25.5 हजार रुपये में खरीदकर उन्हें लोकल स्टार बना दिया। वहीं बरेली ब्लास्टर्स ने निशांत कुशवाहा पर 23 हजार की बोली लगाकर साफ कर दिया कि वह किसी भी कीमत पर मजबूत टीम चाहते हैं। शुभ अग्रवाल (21.5 हजार), अभिषेक प्रताप, हर्ष राणा और शारून खान (19-19 हजार) भी ऑक्शन में चमकते नजर आए। ऑक्शन में कुल 252 खिलाड़ियों की लिस्ट तैयार की गई थी, लेकिन बोली सिर्फ 124 खिलाड़ियों पर ही लगी। इसके बावजूद फ्रेंचाइजी मालिकों ने करीब 9 लाख रुपये खर्च कर डाले। खास बात यह रही कि बिकने वालों में 69 खिलाड़ी बरेली के ही थे, जबकि 46 बाहर के और 19 आइकन प्लेयर शामिल रहे। यानी लोकल टैलेंट और बाहरी अनुभव का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा।

6 टीमें, एक ट्रॉफी… मैदान में छिड़ेगी असली जंग

अब नजरें उस मैदान पर टिक गई हैं, जहां ये खरीदे गए खिलाड़ी अपनी कीमत साबित करेंगे। इस बार बीपीएल में बरेली ब्लास्टर्स, आंवला एवेंजर्स, मीरगंज लायंस, फरीदपुर फाइटर्स, नवाबगंज नवाब और बहेड़ी बाउंडर्स आमने-सामने होंगी। हर टीम संतुलित नजर आ रही है, ऐसे में मुकाबले कांटे के होने तय हैं। ऑक्शन खत्म होते ही खिलाड़ियों और टीम मालिकों के चेहरे पर अलग-अलग भाव नजर आए—किसी को अपनी पसंद मिल गई, तो कोई आखिरी बोली में पीछे रह गया। इस दौरान बीपीएल अध्यक्ष रवि जादौन, कैलाश सिंह, सचिव सीताराम सक्सेना और संयुक्त सचिव ओपी कोहली भी मौजूद रहे।

Also Read
View All

अगली खबर