
बरेली।फॉर्च्यून ब्रांड की हूबहू नकल कर बाजार में तेल बेचने के आरोप में नरियावल स्थित एक गोदाम पर शुक्रवार रात प्रशासन, पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 2052 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल बरामद कर सीज कर दिया गया। मौके से फॉर्च्यून ब्रांड से मिलते-जुलते पैकिंग वाले 171 टिन बरामद हुए, जिन पर अलग-अलग नामों से मार्का लगाकर सप्लाई की जा रही थी।
अडानी समूह की लीगल सेल ने शिकायत दी थी कि नरियावल क्षेत्र में फॉर्च्यून ब्रांड से मिलती-जुलती पैकिंग में रिफाइंड तेल तैयार कर बाजार में उतारा जा रहा है। शिकायत में कहा गया कि पैकिंग और डिजाइन इतने मिलते-जुलते हैं कि आम ग्राहक आसानी से भ्रमित हो सकता है। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, पुलिस टीम और फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने बालाजी ट्रेडर्स नाम की फर्म के गोदाम में छापा मारा तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
छापेमारी के दौरान 12-12 लीटर वाले 171 टिन बरामद हुए। जांच में सामने आया कि फर्म फॉर्च्यून जैसी पैकिंग तैयार कर ‘राजहंस’, ‘फंक्शन’ और ‘फार्मूला’ नाम से तेल की पैकेजिंग कर रही थी। इसके अलावा ‘सुगंध’ समेत अन्य नामों के पैकेट भी गोदाम में मिले। मौके पर दो टैंकर भी खड़े मिले, जिनकी जांच की गई। टीम ने गोदाम में रखे तेल के सैंपल लिए और पूरी खेप को सीज कर दिया।
फूड सेफ्टी विभाग ने फैक्ट्री स्वामी को मौके पर बुलाने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन वह नहीं पहुंचा। बाद में रात करीब 11 बजे उसके प्रतिनिधि की मौजूदगी में तेल की सैंपलिंग की गई। जांच के दौरान 2052 लीटर खाद्य तेल के अलावा 780 लीटर नेपाली तेल भी बरामद हुआ। दोनों के सैंपल लेकर उन्हें भी सीज कर दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक अब लैब रिपोर्ट आने के बाद साफ होगा कि तेल नकली है या गुणवत्ता मानकों के विपरीत तैयार किया गया है। यदि जांच में मिलावटी या फर्जी ब्रांडिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम समेत कई धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि अडानी समूह के प्रतिनिधियों की शिकायत पर जांच की गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर सैंपलिंग कर तेल सीज कर दिया है। वहीं कंपनी की ओर से कॉपीराइट उल्लंघन के आरोप में बिथरी चैनपुर थाने में तहरीर भी दी गई है।
Updated on:
09 May 2026 03:07 pm
Published on:
09 May 2026 02:33 pm
