
गुमशुदा अंकित वर्मा
बरेली। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा के भतीजे अंकित वर्मा रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। अंकित राममूर्ति मेडिकल कॉलेज, भोजीपुरा से एम फार्मा की पढ़ाई कर रहे हैं और गुरुवार शाम से उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। परिवार ने अपहरण या किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए भोजीपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस छात्र की तलाश में जुट गई है।
पीड़ित पिता राम प्रकाश वर्मा पुत्र पीएल वर्मा निवासी अमखिरिया, बीसलपुर जनपद पीलीभीत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 24 वर्षीय बेटा अंकित वर्मा राममूर्ति कॉलेज में एम फार्मा का छात्र है। 7 मई 2026 की शाम करीब छह बजे वह कॉलेज से निकला था। परिजनों के मुताबिक अंकित मंदिर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां तलाश शुरू की, मगर उसका कोई पता नहीं चल सका।
अंकित के अचानक गायब होने से परिवार में बेचैनी का माहौल है। विधायक परिवार से जुड़े होने के कारण मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल बढ़ा दी है। परिजन लगातार फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि अंकित का मोबाइल भी बंद आ रहा है, जिससे चिंता और बढ़ गई है।
भोजीपुरा थाना पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच उपनिरीक्षक सुशील कुमार को सौंपी गई है। कॉलेज परिसर, सीसीटीवी कैमरों और छात्र के संपर्कों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि छात्र की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर टीमें भेजी जा रही हैं। परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को अंकित वर्मा के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत भोजीपुरा थाना पुलिस या परिवार को सूचना दें, ताकि छात्र को सकुशल घर वापस लाया जा सके।
Published on:
08 May 2026 03:55 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
