इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे परिजनों को क्या पता था कि वहीं उनकी इज्जत पर हमला हो जाएगा। महाजन अस्पताल में सोमवार देर रात एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है।
बरेली। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे परिजनों को क्या पता था कि वहीं उनकी इज्जत पर हमला हो जाएगा। महाजन अस्पताल में सोमवार देर रात एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप अस्पताल के ही सुरक्षा कर्मी पर है। युवती की तहरीर पर बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पीलीभीत के गजरौला निवासी युवती अपने परिजनों के साथ अस्पताल में भर्ती मरीज की देखभाल के लिए आई थी। वह ICU के सामने हाल में परिवार के साथ सो रही थी। रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच उसे महसूस हुआ कि कोई उसके साथ अशोभनीय हरकत कर रहा है। जैसे ही युवती की आंख खुली, सामने का नजारा देख उसके होश उड़ गए। आरोप है कि अस्पताल का सुरक्षा गार्ड अमर उसके बेहद करीब बैठा था और उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था।
युवती के शोर मचाते ही आरोपी वहां से भागकर ICU की ओर चला गया। कुछ ही देर बाद वह गलती हो जाने की बात कहकर माफी मांगने लगा। लेकिन तब तक मामला बिगड़ चुका था और अस्पताल में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया, जहां लिखित शिकायत दी गई। युवती ने साफ कहा है कि अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके।
इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। जहां मरीज जिंदगी और मौत से जूझ रहे हों, वहां तीमारदारों की सुरक्षा ही खतरे में पड़ जाए तो सवाल उठना लाजमी है। बारादरी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महाजन अस्पताल के मालिक राजेश कुमार महाजन ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में अभी-अभी आया है। उन्होंने बताया कि घटना की आंतरिक जांच कराई जा रही है। यदि किसी भी कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।