बरेली

शॉर्ट सर्किट से रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग, 50 लाख का माल राख, दमकल ने 4 घंटे बाद पाया काबू

रविवार को रेडीमेड गारमेंट्स की एक दुकान से धुएं का गुबार उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में दुकान धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार उठता देख आसपास के दुकानदारों में भगदड़ मच गई।

3 min read
Mar 15, 2026

बदायूं। शहर के भीड़भाड़ वाले खैराती चौक बाजार में रविवार को रेडीमेड गारमेंट्स की एक दुकान से धुएं का गुबार उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में दुकान धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार उठता देख आसपास के दुकानदारों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का माल जलकर राख हो चुका था।

खैराती चौक से सब्जी मंडी जाने वाली सड़क पर स्थित ज्योति स्टोर्स नाम से रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान रविवार को बंद थी। सुबह करीब 10:15 बजे आसपास के व्यापारियों ने दुकान से धुआं निकलता देखा। कुछ ही देर में आग की लपटें शटर के भीतर से बाहर तक दिखाई देने लगीं। यह दृश्य देखते ही बाजार में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने तुरंत दुकान मालिक ज्योति वैश्य को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ज्योति वैश्य ने जब शटर उठाने की कोशिश की तो वह पूरी तरह गर्म हो चुका था। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।

जेसीबी से दीवार तोड़कर शुरू हुआ ऑपरेशन

दमकल विभाग की पहली गाड़ी करीब 11 बजे मौके पर पहुंची। शटर खोलना संभव नहीं होने के कारण जेसीबी बुलाकर दुकान की दीवार तोड़ी गई, ताकि अंदर पहुंचकर आग बुझाई जा सके। इसी दौरान आग दुकान की दूसरी मंजिल तक फैल गई। हालात बिगड़ते देख नगर पालिका के पानी के टैंकर बुलाए गए और चार अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। कपड़ों से भरी दुकान में लगी आग तेजी से फैलती रही और कई घंटों तक लपटें उठती रहीं। दमकल विभाग की टीमों ने लगातार पानी डालकर आग को काबू में करने की कोशिश की। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया जा सका। सीएफओ रामराजा यादव ने बताया कि पांच दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि आग लगभग बुझा दी गई है, लेकिन कपड़ों में लगी आग के कारण कुछ समय तक धुआं उठता रहेगा।

बाजार के बीच आग से थम गईं सांसें

खैराती चौक और सब्जी मंडी का इलाका शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में गिना जाता है। यहां अधिकांश दुकानें थोक व्यापार से जुड़ी हैं। आग की लपटें देख आसपास के दुकानदारों की सांसें थम गईं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों को बंद कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया। सदर कोतवाली और सिविल लाइंस थानों की पुलिस के साथ सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय मौके पर मौजूद रहे और भीड़ को नियंत्रित किया। दुकान मालिक ज्योति वैश्य शहर के बड़े रेडीमेड कपड़ा व्यापारियों में गिने जाते हैं। उनकी दुकान में थोक और रिटेल दोनों तरह का कारोबार होता है। व्यापारी के अनुसार ईद की खरीदारी को देखते हुए दुकान में बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक रखा गया था। आग की इस घटना में दुकान और गोदाम में रखा अधिकांश माल जल गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 40 से 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

बिजली के तारों पर पहले भी उठ चुके सवाल

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि दुकान के सामने से गुजर रहे बिजली के तारों से पहले भी कई बार चिंगारियां निकल चुकी थीं। इसकी शिकायत बिजली विभाग से भी की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। व्यापारियों का आरोप है कि बिजली के तारों की अनदेखी ही इस बड़े हादसे की वजह बन सकती है। सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह ने बताया कि दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। दुकान और बेसमेंट में रखे माल के कारण आग बुझाने में काफी समय लगा। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन तहसील की टीम करेगी और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि पीड़ित व्यापारी को राहत मिल सके।

Also Read
View All

अगली खबर