जहानाबाद थाना क्षेत्र के कनकोर गांव में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर बने गोदाम में आग लगने से अंदर सो रहे 55 वर्षीय ओमकार की धुएं से दम घुटने के कारण मौत हो गई।
पीलीभीत। जहानाबाद थाना क्षेत्र के कनकोर गांव में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर बने गोदाम में आग लगने से अंदर सो रहे 55 वर्षीय ओमकार की धुएं से दम घुटने के कारण मौत हो गई। सुबह होते-होते गांव का माहौल मातमी हो उठा।
गांव के कृष्ण कुमार ने घर के बाहरी हिस्से में दुकान और गोदाम बना रखा है। शुक्रवार रात गांव के ही ओमकार उसी गोदाम में सोए थे। बताया जा रहा है कि शनिवार तड़के अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम धुएं से भर गया। धुआं उठता देख मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। लोग बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। किसी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ओमकार अचेत पड़े मिले। बाहर निकालते ही परिजनों की चीख निकल पड़ी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ओमकार की मौत धुएं से दम घुटने के कारण हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। गांव वाले कहते हैं, अगर चंद मिनट पहले किसी की नजर पड़ जाती, तो शायद एक जान बच जाती।