दियोरिया कलां क्षेत्र में बुधवार दोपहर वीर सिंहपुर मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क पर बिखर गया और सवार श्रद्धालु दूर जा गिरे।
पीलीभीत। दियोरिया कलां क्षेत्र में बुधवार दोपहर वीर सिंहपुर मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क पर बिखर गया और सवार श्रद्धालु दूर जा गिरे। मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव बबूरा से नौ श्रद्धालु ई-रिक्शा में सवार होकर इलाहाबांस के देवी मेले में जा रहे थे। रास्ते में हंसी-खुशी का माहौल था, लेकिन वीर सिंहपुर मोड़ पर अचानक मौत ने दस्तक दे दी। जो लोग कुछ देर पहले मेला देखने की बातें कर रहे थे, वही कुछ ही पलों में दर्द से कराहते नजर आए।
हादसे में 15 वर्षीय राहुल पुत्र श्रीपाल और 60 वर्षीय जसोदा पत्नी राममूर्ति की मौत हो गई। दोनों को जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक मासूम और एक बुजुर्ग की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। घरों में चीखें गूंज रही हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में 12 वर्षीय अमन, 30 वर्षीय राजेश्वरी देवी, 10 वर्षीय सुधा, 4 वर्षीय शोभा, 15 वर्षीय काजल, 5 वर्षीय मुनेंद्र और 40 वर्षीय अन्नपूर्णा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही दियोरिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार कार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस ने कार चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की छानबीन जारी है। हादसे की खबर जैसे ही गांव बबूरा पहुंची, वहां मातम पसर गया। जिस घर से लोग मेले के लिए निकले थे, वहीं अब सन्नाटा और आंसुओं का सैलाब है। यह हादसा एक बार फिर साबित कर गया कि सड़क पर जरा सी लापरवाही किस तरह जिंदगियों को तबाह कर देती है।