बरेली

पूर्णागिरि माता के दर्शन को जा रही वैन को ट्रक ने रौंदा, बच्चों समेत 8 लोग थे सवार… फिर मच गई चीख-पुकार

आस्था की राह पर निकले श्रद्धालुओं का सफर बुधवार रात दर्दनाक हादसे में बदल गया। पूर्णागिरि माता के दर्शन के लिए जा रही एक वैन को लाल फाटक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

2 min read
Apr 02, 2026

बरेली। आस्था की राह पर निकले श्रद्धालुओं का सफर बुधवार रात दर्दनाक हादसे में बदल गया। पूर्णागिरि माता के दर्शन के लिए जा रही एक वैन को लाल फाटक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार आठ लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई और चीख-पुकार से माहौल गूंज उठा।

एटा जिले के थाना बागवाला क्षेत्र के गांव नरौरी निवासी अजय कुमार ने बताया कि वह अपने साले सरजेश के एक साल के बेटे का मुंडन संस्कार कराने के लिए परिवार के साथ पूर्णागिरि धाम जा रहे थे। वैन में उनकी पत्नी बेलवती, 15 वर्षीय भतीजी कोमल, सरजेश की दो साल की बेटी जाश्वीन, एक साल का बच्चा और दोस्त बहादुर समेत अन्य लोग सवार थे।

लाल फाटक पर अचानक मौत बनकर आया ट्रक

रात करीब 11 बजे जैसे ही वैन लाल फाटक के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी सवार घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे में घायल आठ लोगों को पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घायलों में पति-पत्नी, किशोरी और छोटे बच्चे शामिल हैं। वैन चालक और बहादुर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

टक्कर के बाद ट्रक चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक की पहचान शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद लाल फाटक इलाके में लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वैन को हटवाया और यातायात को सुचारू कराया। देर रात तक इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा।

Also Read
View All

अगली खबर