2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिव्य और भव्य शोभायमान होगा बड़ा बाग हनुमान मंदिर, त्रिवटीनाथ में लाइट एंड साउंड शो दिखेगी धार्मिक और शौर्य गाथा

आस्था के केंद्रों को भव्य और आकर्षक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सरकार ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी देकर बजट जारी कर दिया है।

2 min read
Google source verification

बरेली। आस्था के केंद्रों को भव्य और आकर्षक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सरकार ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी देकर बजट जारी कर दिया है। सबसे बड़ी सौगात बड़ा बाग हनुमान मंदिर को मिली है, जहां 3.55 करोड़ रुपये से पर्यटन विकास कार्य होंगे। इसके साथ ही आनंद आश्रम, अहिच्छत्र और लीलौर झील समेत कई धार्मिक स्थलों का कायाकल्प होगा।

हार्टमैन स्थित बड़ा बाग हनुमान मंदिर को 3.55 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। मंदिर परिसर में सुविधाएं बढ़ेंगी, सौंदर्यीकरण होगा और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर इंतजाम किए जाएंगे। यह स्थल आने वाले समय में प्रमुख आस्था केंद्र के रूप में उभरेगा।

त्रिवटीनाथ मंदिर में होगा लाइट एंड साउंड शो

नाथ कॉरिडोर को आकर्षक बनाने के लिए त्रिवटीनाथ मंदिर में 1.95 करोड़ रुपये से फसाड लाइटिंग और लाइट एंड साउंड शो शुरू किया जाएगा। तीन घंटे के इस शो में जिले की धार्मिक विरासत और शौर्य गाथाओं का भव्य प्रदर्शन होगा। यहां पहले से 6.55 करोड़ के विकास कार्य जारी हैं।

अहिच्छत्र और लीलौर झील बनेंगे पर्यटन हब

अहिच्छत्र के समेकित विकास के लिए 2.13 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। वहीं आंवला की लीलौर झील को ईको-टूरिज्म स्पॉट के रूप में विकसित करने के लिए करीब 3 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। इससे प्रकृति और पर्यटन का संगम देखने को मिलेगा।

अन्य मंदिरों को भी मिली बड़ी सौगात

बिथरी चैनपुर के सिरोही मंदिर (1.06 करोड़), भोजीपुरा के पूर्णागिरी मंदिर (95.76 लाख), फरीदपुर के प्राचीन शिव मंदिर (1.03 करोड़) समेत कई मंदिरों के विकास को भी मंजूरी मिली है। शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के धार्मिक स्थलों को भी करोड़ों की योजनाओं में शामिल किया गया है।

पर्यटन बढ़ेगा, रोजगार के खुलेंगे नए रास्ते

पिछले वर्ष जिले में एक करोड़ से ज्यादा पर्यटक आए, लेकिन ठहराव कम रहा। अब सरकार का फोकस ठहराव बढ़ाने पर है। पर्यटन परियोजनाओं के जरिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

अधिकारी बोले, पहली बार इतनी बड़ी पहल

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मंडल में पहली बार इतने बड़े स्तर पर धार्मिक और पर्यटन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। जल्द ही सभी कार्य शुरू होंगे, जिससे बरेली धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर और मजबूती से उभरेगा।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग