बरेली

बरेली के इस अस्पताल में गलत इलाज से महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा, अस्पताल सील

फतेहगंज कस्बे के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार को महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ पर गलत इलाज व लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच के बाद अस्पताल को सील कर दिया।

2 min read
Aug 22, 2025
अस्पताल को सील करती टीम (फोटो सोर्स: पत्रिका)

बरेली। फतेहगंज कस्बे के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार को महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ पर गलत इलाज व लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच के बाद अस्पताल को सील कर दिया।

फतेहगंज पश्चिमी के रहपुरा जागीर निवासी छेदलाल की पत्नी गीता बुधवार को दस्त की शिकायत से बीमार हुईं। परिजन उन्हें कस्बे के एक पुराने निजी अस्पताल ले गए। दवा देने के बाद कुछ आराम तो मिला लेकिन रात में हालत बिगड़ने लगी। आरोप है कि रात को डॉक्टर घर चले गए और स्टाफ महिला की बिगड़ती हालत संभाल नहीं पाया। सुबह तक गीता की सांसें थम गईं। परिजन जब उन्हें खिरका सीएचसी ले गए तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टर-स्टाफ मौके से फरार

महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच डॉक्टर और स्टाफ अस्पताल से गायब हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। सीएचसी प्रभारी डॉ. संचित शर्मा और पुलिस टीम ने जांच में अस्पताल के कागजात व पंजीकरण न मिलने पर अस्पताल संचालक ओमप्रकाश गंगवार का अस्पताल सील कर दिया। मृतका के पति छेदलाल ने अस्पताल संचालक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

एक्सपायरी दवा और अवैध सामग्री बरामद

जांच के दौरान अस्पताल में एक्सपायरी दवाएं, अवैध सामग्री और बिना रजिस्ट्रेशन संचालित वार्ड मिले। अस्पताल में करीब 10 बेड थे लेकिन मौके पर कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। सभी अवैध सामग्री को कब्जे में ले लिया गया। डॉ. संचित शर्मा ने बताया कि यदि तीन दिन में संचालक जरूरी दस्तावेज पेश नहीं करता है तो आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, थाना प्रभारी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर और सीएचसी की रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है। इसके बाद विधिक कार्रवाई होगी।

Also Read
View All