बरेली

इंग्लैंड से लौटी इंजीनियर युवती पर कॉलोनी में हमला, पड़ोसी डॉक्टर पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप

इज्जतनगर की महानगर कॉलोनी में शुक्रवार रात हड़कंप मच गया जब इंग्लैंड में नौकरी करने वाली इंजीनियर युवती पर पड़ोसी डॉक्टर और उसकी पत्नी ने हमला कर दिया। युवती के मुताबिक आरोपी डॉक्टर न केवल छेड़छाड़ करता है बल्कि उसकी बहन पर भी गंदी नजर रखता है।

less than 1 minute read
Sep 13, 2025
पीड़ित युवती (फोटो सोर्स: पत्रिका)

बरेली। इज्जतनगर की महानगर कॉलोनी में शुक्रवार रात हड़कंप मच गया जब इंग्लैंड में नौकरी करने वाली इंजीनियर युवती पर पड़ोसी डॉक्टर और उसकी पत्नी ने हमला कर दिया। युवती के मुताबिक आरोपी डॉक्टर न केवल छेड़छाड़ करता है बल्कि उसकी बहन पर भी गंदी नजर रखता है।

जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी इंजीनियर सीमा वर्मा इंग्लैंड में नौकरी करती हैं और इन दिनों अपने मकान के निर्माण कार्य के चलते बरेली आई हुई हैं। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह घर के बाहर कुत्तों को बिस्किट खिला रही थीं। तभी पड़ोसी डॉ. विवेक गुप्ता भड़क उठे। आरोप है कि उन्होंने सीमा का हाथ पकड़कर खींच लिया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। शोर मचाने पर आरोपी ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया। जब युवती ने विरोध किया तो विवेक गुप्ता और उनकी पत्नी ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में सीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पीड़िता ने बताया कि उसने तत्काल डायल 112 पर फोन किया लेकिन पुलिस देर से मौके पर पहुंची। कॉलोनीवासियों का कहना है कि आरोपी डॉक्टर को कुत्तों से चिढ़ है और कोई भी अगर उन्हें खाना खिलाता है तो वह झगड़ा करने लगता है। वहीं युवती का आरोप है कि पड़ोसी डॉक्टर आए दिन उस पर और उसकी बहन पर अश्लील कमेंट करता है।

घटना के बाद पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की है। कॉलोनी में तनाव का माहौल है और लोग आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पीड़िता ने इज्जतनगर थाने में आरोपी दंपति के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरु कर दी है।

Also Read
View All

अगली खबर