बरेली

देवहा नदी में डूबकर युवक की मौत, दोस्तों के साथ नहाने गया था, काफी तलाश के बाद मिला शव

बारादरी थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय रवि कुमार की देवहा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। जिस घर में नामकरण की खुशियां थीं, वहीं कुछ ही देर में मातम छा गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

less than 1 minute read
Apr 02, 2026

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय रवि कुमार की देवहा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। जिस घर में नामकरण की खुशियां थीं, वहीं कुछ ही देर में मातम छा गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव अमीरनगर निवासी सुमेर लाल के यहां नामकरण समारोह था। इसमें शामिल होने के लिए रवि कुमार अपने भाई मोनू यादव और दोस्तों सोनू शर्मा व शिवम के साथ पहुंचे थे। भीषण गर्मी के चलते चारों दोस्त पास बह रही देवहा नदी में नहाने चले गए।

पानी में उतरे… और डूब गया रवि

नहाते समय अचानक रवि गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह लापता हो चुका था। सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पर तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह और इंस्पेक्टर वेद सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत बरखेड़ा से गोताखोरों को बुलाया और सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।

काफी तलाश के बाद मिला शव

काफी देर की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने रवि को नदी से बाहर निकाला। आनन-फानन में परिजन उसे सीएचसी नवाबगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर वेद सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Also Read
View All

अगली खबर