बरेली

इंस्टाग्राम पर ‘आखिरी दिन’ लिखकर जहर पीने चला युवक, 15 मिनट में पहुंची पुलिस ने ऐसे बचाई जान

आंवला थाना क्षेत्र में एक युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता से उसकी जान बच गई। इंस्टाग्राम पर आज मेरा आखिरी दिन है लिखकर वीडियो पोस्ट करने के बाद युवक ने जहर पी लिया और हाथ पर ब्लेड से कट मार लिए।

less than 1 minute read
Mar 30, 2026

बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में एक युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता से उसकी जान बच गई। इंस्टाग्राम पर आज मेरा आखिरी दिन है लिखकर वीडियो पोस्ट करने के बाद युवक ने जहर पी लिया और हाथ पर ब्लेड से कट मार लिए। मुख्यालय से मिले मेटा अलर्ट पर पुलिस टीम महज 15 मिनट में मौके पर पहुंच गई और उसे अस्पताल पहुंचाकर बचा लिया।

पुलिस के मुताबिक युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर आत्महत्या की चेतावनी दी थी। वीडियो सामने आते ही मुख्यालय से मेटा अलर्ट जारी हुआ और लोकेशन ट्रेस कर आंवला पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक टीम के साथ युवक के घर के लिए रवाना हो गए।

कमरे में गंभीर हालत में मिला युवक

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो परिजनों से जानकारी लेकर युवक के कमरे में गई। वहां युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसके हाथ पर ब्लेड से कट के निशान थे और पास ही कीटनाशक दवा की बोतल पड़ी थी। हालत बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता है, लेकिन युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया था। इसी बात से आहत होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

पुलिस ने की काउंसलिंग

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसकी काउंसलिंग की और समझाया। युवक ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का भरोसा दिया। युवक के परिजनों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बचाई जा सकी।

Also Read
View All

अगली खबर