बरेली

15 साल बाद फिर सुलगा बरेली का पालपुर गांव, नमाज पर विवाद, विहिप ने पुलिस को दी चेतावनी

कैंट क्षेत्र के पालपुर गांव में सामूहिक नमाज को लेकर एक बार फिर विवाद भड़क उठा है। गांव में बढ़ते तनाव के बीच विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
2 min read
Mar 24, 2026
Feature image

बरेली। कैंट क्षेत्र के पालपुर गांव में सामूहिक नमाज को लेकर एक बार फिर विवाद भड़क उठा है। गांव में बढ़ते तनाव के बीच विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो हालात बिगड़ सकते हैं।

विहिप जिला अध्यक्ष संजय सिंह भदौरिया ने आरोप लगाया कि गांव में कोई मस्जिद नहीं है, इसके बावजूद कुछ लोग वर्षों से सामूहिक नमाज का प्रयास कर रहे हैं। यह विवाद नया नहीं, बल्कि 2010 से लगातार सुलग रहा मुद्दा है, जो अब फिर से सतह पर आ गया है।

पहले भी दर्ज हो चुके मुकदमे, फिर दोहराई जा रही कोशिश

बताया गया कि वर्ष 2011 में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसके बावजूद अब दोबारा सार्वजनिक स्थान पर नमाज अदा करने की कोशिश ने विवाद को फिर हवा दे दी है।

20-21 मार्च की कोशिश से बढ़ा तनाव

विहिप पदाधिकारियों का कहना है कि 20 और 21 मार्च 2026 को भी सामूहिक नमाज पढ़ने की कोशिश की गई। इसकी सूचना पहले ही पुलिस को दी गई थी, लेकिन प्रभावी रोकथाम न होने से गांव में तनाव और बढ़ गया।
नामजद आरोप, माहौल बिगाड़ने की आशंका
शिकायत में कई लोगों को नामजद करते हुए उन पर माहौल खराब करने और जबरन नमाज पढ़ने का आरोप लगाया गया है। संगठन का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से गांव का सौहार्द प्रभावित हो सकता है।

पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग, अलर्ट पर प्रशासन

विहिप ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को संवेदनशील मानते हुए सतर्कता बरत रही है।