बरेली

अयोध्या-काशी मथुरा के बाद नाथ नगरी में पर्यटकों की ऐतिहासिक बाढ़, योगीराज में बरेली बना धार्मिक टूरिज्म का पावरहाउस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाले विजन का असर अब साफ दिखने लगा है। नाथ नगरी बरेली में आस्था की ऐसी बयार चली है कि पर्यटकों की कुल संख्या एक करोड़ के पार पहुंच गई है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और सैलानी अब बरेली को प्रमुख धार्मिक पर्यटन गंतव्य के रूप में देख रहे हैं।

2 min read
Jan 05, 2026
रविंद्र कुमार मिश्र, उपनिदेशक पर्यटन, बरेली

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाले विजन का असर अब साफ दिखने लगा है। नाथ नगरी बरेली में आस्था की ऐसी बयार चली है कि पर्यटकों की कुल संख्या एक करोड़ के पार पहुंच गई है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और सैलानी अब बरेली को प्रमुख धार्मिक पर्यटन गंतव्य के रूप में देख रहे हैं।

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2023 में 81.56 लाख, 2024 में 99.13 लाख, जबकि 2025 में 1.00 करोड़ से अधिक पर्यटक बरेली पहुंचे। यही नहीं, विदेशी पर्यटकों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। 2023 में जहां केवल 911 विदेशी आए थे, वहीं 2025 में यह संख्या 1056 तक पहुंच गई है।

नाथ कॉरिडोर से बदली बरेली की पहचान

योगी सरकार द्वारा अयोध्या, मथुरा और काशी की तरह धार्मिक स्थलों को पर्यटन से जोड़ने की नीति का लाभ अब बरेली को भी मिल रहा है। स्मार्ट सिटी बरेली में मौजूद सात नाथ मंदिरों को जोड़कर नाथ कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण के काम तेजी से चल रहे हैं। नाथ कॉरिडोर के पूर्ण होने के बाद पर्यटकों की संख्या में और उछाल आने की संभावना जताई जा रही है।

ठहराव बढ़ाने पर सरकार का फोकस

योगी सरकार सिर्फ भीड़ नहीं, बल्कि पर्यटकों के ठहराव पर भी जोर दे रही है। इसी कड़ी में लाइट एंड साउंड शो की तैयारियां की जा रही हैं और होमस्टे योजना के तहत जगह-जगह आवास विकसित किए जा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि ठहराव बढ़ेगा तो स्थानीय व्यापार, होटल, परिवहन और रोजगार को सीधा लाभ मिलेगा।

मौसम के हिसाब से बढ़ता-घटता टूरिज्म

पर्यटन विभाग के अनुसार जनवरी से मार्च और सितंबर से दिसंबर के बीच पर्यटकों की आवाजाही सबसे अधिक रहती है।
जनवरी 2023 में 6.20 लाख भारतीय, जनवरी 2024 में 7.05 लाख और जनवरी 2025 में 7.76 लाख भारतीय पर्यटक बरेली पहुंचे। नवंबर और दिसंबर पर्यटन के लिहाज से सबसे बेहतर साबित हो रहे हैं, जब 2025 में 10.56 लाख से अधिक भारतीय पर्यटक जिले में आए।

ऐसे होती है पर्यटकों की गणना

उप निदेशक पर्यटन रवींद्र कुमार ने बताया कि जिले में पर्यटकों की गणना के लिए होटल, धर्मस्थल और वीडियोग्राफी सर्वे का सहारा लिया जाता है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर वार्षिक मूल्यांकन किया जाता है। जिले में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि भविष्य के लिए शुभ संकेत है। नाथ कॉरिडोर, होमस्टे और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ बरेली को योगी सरकार का अगला धार्मिक पर्यटन हब बनाने की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

पर्यटक आंकड़े एक नजर में

2023 – 81,56,673 भारतीय | 911 विदेशी
2024 – 99,13,182 भारतीय | 1,120 विदेशी
2025 – 1,00,27,544 भारतीय | 1,056 विदेशी

Also Read
View All

अगली खबर