जान बचाने के लिए दोनों ने वीडियो वायरल कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बरेली। आंवला के रहने वाले एक प्रेमी युगल ने प्रेम विवाह किया है। दोनों अलग अलग धर्म के थे इस लिए लड़की के परिजन इस शादी से खुश नहीं है। शादी के एक साल बाद भी दम्पति को अपनी जान का खतरा है। जान बचाने के लिए दोनों ने वीडियो वायरल कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पिछले साल की शादी
आंवला थाना क्षेत्र के मनौना गाँव के रहने वाले पंकज ने गाँव की रहने वाली शगुफ्ता बी से पिछले साल दो जुलाई को प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद लड़की ने अपना नाम बदल कर नंदनी रख लिया है। अभी कुछ दिन पहले उनके यहाँ बच्चे का भी जन्म हुआ है और अब दोनों ने वीडियो वायरल कर सुरक्षा की गुहार लगाई है। वीडियो में लड़की का कहना है कि वो अपनी ससुराल में खुश है लेकिन उसकी मां और भाई उसके जान के दुश्मन बने हुए हैं। शासन-प्रशासन से प्रार्थना है कि वो उनकी रक्षा करें।
लगातार मिल रही धमकी
वीडियो में पंकज ने कहा कि वो सभी धर्मों का सम्मान करता है। उसने कहा कि आठ दिन पहले हमारे यहाँ बेटे का जन्म हुआ और वो लोग इसे भी मारने की धमकी दे रहे हैं। उसका कहना है कि उन लोगों ने घर में घुस कर परिजनों से मारपीट की और इसकी शिकायत पुलिस से की लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और वो लोग धमकियां दे रहे हैं। उसका कहना है कि उन्हें सुरक्षा दी जाए अगर उनको या घर वालों को कुछ होता है तो इसका जिम्मेदार शासन- प्रशासन होगा।