
नंदनी गुप्ता और सुरभि यादव
बरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही बरेली की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर जिले को गर्व का अवसर दिया। इस बार बरेली की पांच छात्राओं ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में जगह बनाकर अपनी मेहनत का परचम लहराया है।
खास बात यह रही कि टॉप-10 में जगह बनाने वाली सभी छात्राएं सर्वोदय जनकल्याण इंटर कॉलेज, खेड़ा की हैं। नंदिना गुप्ता ने 97.20 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, सुरभि यादव 97.00 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
खुशी मौर्य और सिमरन मौर्य ने 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से छठा स्थान हासिल किया। वहीं चमन जहां ने 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। छात्राओं की इस उपलब्धि से उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई। घरों पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। स्कूल परिसर में भी जश्न का माहौल रहा। शिक्षकों और प्रबंधन ने छात्राओं की कड़ी मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस वर्ष बरेली जिले में 130 परीक्षा केंद्रों पर यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की गईं। इंटरमीडिएट में 23,654 छात्र और 18,504 छात्राओं समेत कुल 42,158 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। परीक्षाएं 12 मार्च तक चलीं, जबकि 18 मार्च से 4 अप्रैल तक कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। बृहस्पतिवार शाम चार बजे परिणाम घोषित किए गए। एक ही विद्यालय की पांच छात्राओं का टॉप-10 में स्थान बनाना बरेली के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
Published on:
23 Apr 2026 05:27 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
