25 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दूल्हा बनने से पहले पेड़ पर लटकी मिली युवक की लाश, शाम को जानी थी बारात

शाही थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शादी के दिन बारात जाने से ठीक पहले दूल्हे का शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका मिला।

2 min read
Google source verification

बरेली। शाही थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शादी के दिन बारात जाने से ठीक पहले दूल्हे का शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका मिला। जहां एक ओर घर में शहनाई बजने की तैयारी थी, वहीं कुछ ही घंटों में वहां चीख-पुकार और मातम छा गया।

मोहल्ला सुभाषनगर निवासी 22 वर्षीय देवेंद्र मौर्य की शादी रिठौरा के उद्धानापुर गांव में तय थी। शुक्रवार को लग्न का कार्यक्रम धूमधाम से हुआ और देर रात तक डीजे पर जश्न चलता रहा। मोहल्ले के कुछ लोगों की आपत्ति के बाद डीजे को मुख्य दरवाजे के पास शिफ्ट किया गया। रात करीब दो बजे तक खुशियां मनाने के बाद देवेंद्र अपने बहनोई और रिश्तेदारों के साथ सोने चला गया।

छह फुट की ऊंचाई पर लटका शव, जमीन छू रहे थे पैर

शनिवार सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि देवेंद्र का शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि पतली रस्सी से शव करीब छह फुट की ऊंचाई पर बंधा था, लेकिन उसके पैर जमीन को छू रहे थे। इस स्थिति को देखकर लोग हैरान रह गए और आत्महत्या पर सवाल उठने लगे। मृतक के पिता रामदास मौर्य ने साफ आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है। उनका कहना है कि देवेंद्र की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह शादी के लिए बेहद खुश था। देवेंद्र दो दिन पहले ही अपनी पसंद का कोट-पैंट खरीदकर लाया था, हाथों में मेहंदी और शादी का कंगन भी मौजूद था।

पुलिस जांच शुरू, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह करीब डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। शादी वाले दिन दूल्हे की इस रहस्यमयी मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। परिवार जहां इसे साजिशन हत्या बता रहा है, वहीं पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस गुत्थी को सुलझा सकेगी।