25 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीसीटीवी और मजिस्ट्रेट की चौकसी में होमगार्ड परीक्षा शुरू, 19 केंद्रों पर 52 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी तीन दिन देंगे परीक्षा

उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा शनिवार से जिले के 19 केंद्रों पर शुरू हो गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। तीन दिन तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 52,416 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

2 min read
Google source verification

बरेली। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा शनिवार से जिले के 19 केंद्रों पर शुरू हो गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। तीन दिन तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 52,416 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की यह परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक दो-दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। हर पाली में 8,736 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जिससे सभी केंद्रों पर भारी भीड़ रही। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जबकि चार-चार मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है।

इन केंद्रों पर हो रही परीक्षा

पुलिस भर्ती परीक्षा की तर्ज पर ही इस बार भी वही केंद्र बनाए गए हैं। बरेली कॉलेज, एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, बरेली इंटर कॉलेज, बिशप मंडल इंटर कॉलेज, दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, जीआईसी, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, केपीआरसी कला केंद्र इंटर कॉलेज, कुंवर रणजीत सिंह इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज और विष्णु इंटर कॉलेज सहित कुल 19 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हो रही है।

100 अंकों का होगा प्रश्नपत्र

होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी। अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट पर बॉल प्वाइंट पेन से सही विकल्प भरने होंगे। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। प्रशासन की सख्ती और बेहतर व्यवस्था के चलते पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभ्यर्थियों को समय से पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की।