
बरेली रेलवे ब्लॉक के कारण प्रभावित ट्रेनों की जानकारी
UP Railway News: बारिश के चलते कुछ समय के लिए टाले गए रेलवे के बड़े ब्लॉक अब फिर यात्रियों की परेशानी बढ़ाने वाले हैं। शनिवार यानी 12 सितंबर से अलग-अलग रेल मंडलों में होने वाले काम का असर बरेली होकर गुजरने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा। दानापुर रेल मंडल, चंडीगढ़ और गोरखपुर में ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों को नियंत्रित किया जाएगा, जबकि कई ट्रेनों के रूट में बदलाव रहेगा।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक 12 सितंबर को गोरखपुर में काम के चलते कई ट्रेनों को रास्ते में कुछ समय के लिए नियंत्रित किया जाएगा। इनमें 15304 नई दिल्ली-कासगंज एक्सप्रेस को नई दिल्ली से 40 मिनट, 22415 वाराणसी जंक्शन-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस को उत्तर-मध्य रेलवे में 35 मिनट और 12556 बठिंडा-गोरखपुर एक्सप्रेस को उत्तर-पश्चिम रेलवे और उत्तर रेलवे में 50 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
12 सितंबर को 12562 नई दिल्ली-जयनगर एक्सप्रेस दिल्ली, दिल्ली शाहदरा और साहिबाबाद के रास्ते चलेगी। वहीं 12581 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस साहिबाबाद, दिल्ली शाहदरा और दिल्ली के रास्ते जाएगी। 13 सितंबर को भी बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस इसी बदले हुए रूट से संचालित होगी।
दानापुर रेल मंडल में 22 सितंबर से 5 अक्टूबर तक होने वाले ब्लॉक का असर कई लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ेगा। इस दौरान 24 सितंबर को 05060 लालकुआं-कोलकाता एक्सप्रेस और 26 सितंबर को 05059 कोलकाता-लालकुआं एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। 22 और 29 सितंबर को जम्मूतवी-भागलपुर एक्सप्रेस बरौनी-सबलदपुर-मुंगेर होकर चलेगी। 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को भागलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस मुंगेर-बरौनी के रास्ते संचालित होगी। 25 सितंबर से 3 अक्टूबर तक हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस बर्धमान-रामपुरहाट-मुंगेर-बरौनी होकर चलेगी। इसी अवधि में काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस बरौनी-मुंगेर-रामपुरहाट-वर्धमान के बदले हुए मार्ग से संचालित होगी।
14 सितंबर से चंडीगढ़ स्टेशन पर ब्लॉक के कारण भी ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 14, 21 और 28 सितंबर तथा 5 और 12 अक्टूबर को अंबाला कैंट तक ही चलेगी। वापसी में चंडीगढ़-रामनगर एक्सप्रेस भी इन्हीं तारीखों पर अंबाला कैंट से रवाना होगी। ऐसे में चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को अंबाला कैंट से आगे का सफर वैकल्पिक साधन से करना होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ ट्रेनों को साहिबजादा अजित सिंह नगर (मोहाली) में अस्थायी ठहराव भी दिया जाएगा। इनमें सहरसा-अमृतसर, अमृतसर-सहरसा और अमृतसर-देहरादून एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों का मोहाली में अतिरिक्त ठहराव 9 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच निर्धारित अवधि में रहेगा। लालकुआं-अमृतसर और अमृतसर-लालकुआं एक्सप्रेस 3 और 10 अक्टूबर को बदले मार्ग से चलेंगी। ये ट्रेनें अंबाला कैंट-सरहिंद-सानेहवाल होकर संचालित होंगी।
रेलवे ने दूसरी ओर त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए कुछ विशेष ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए हैं। कानपुर सेंट्रल-कोलकाता साप्ताहिक विशेष ट्रेन 04157 छह अक्टूबर से 24 नवंबर तक हर मंगलवार चलेगी। यह ट्रेन सूबेदारगंज होकर कोलकाता जाएगी।आगरा कैंट-कोलकाता साप्ताहिक विशेष ट्रेन 01911 का संचालन भी 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक बढ़ाया गया है। इसके नौ अतिरिक्त फेरे होंगे। वापसी में 01912 प्रत्येक शुक्रवार को 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलेगी। इसके अलावा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आसनसोल विशेष ट्रेन 04185 सप्ताह में दो दिन रविवार और बुधवार को 7 अक्टूबर से 29 नवंबर तक संचालित होगी। रेलवे ब्लॉक और रूट में बदलाव के बीच यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का ताजा शेड्यूल और रूट जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद परेशानी न हो।
Updated on:
12 Sept 2026 01:33 pm
Published on:
12 Sept 2026 01:33 pm
