25 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नशे में धुत बरेली के इस डॉक्टर ने सड़क पर मचाया तांडव, थार से टेंपो को रौंदा… किसान की मौत, मची अफरा-तफरी

कैंट क्षेत्र में नशे में धुत डॉक्टर की तेज रफ्तार थार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चालक अमन कुमार और किसान ओमकार कश्यप गंभीर घायल हुए, जिनमें ओमकार की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है।

2 min read
Google source verification

बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के गांव बभिया में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार और नशे का खौफनाक मेल एक बेगुनाह की जान ले गया। ग्रामीण बैंक के पास दौड़ रही थार गाड़ी ने सामने से आ रहे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक और उसमें बैठा मरीज गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात अचानक तेज रफ्तार थार ने टेंपो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे और किसी तरह घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गया किसान

हादसे में टेंपो चालक चनेहटी निवासी अमन कुमार और सवारी ओमकार कश्यप (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान ओमकार कश्यप की मौत हो गई। ओमकार किसान थे और इचोरी से दवाई लेकर अपने गांव मिर्जापुर लौट रहे थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि उनके पांच बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।

नशे में था आरोपी डॉक्टर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि आरोपी चालक फरीदपुर के गांव लौंगपुर निवासी डॉ. तौफीक अंसारी है। हादसे के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें वह नशे में पाया गया। पुलिस ने थार और टेंपो दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। घटना की सूचना बभिया निवासी टिंकू ने पुलिस को दी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक के परिजनों ने पोस्टमॉर्टम के बाद तहरीर देने की बात कही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।