23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बंदूक लेकर नेग लेने पहुंचे किन्नर, कम रुपये पर भड़के, दूल्हे के भाई को मारी गोली, बारात में मची अफरा-तफरी

खुशियों के बीच आई बारात अचानक दहशत में बदल गई। कुंवरगांव थाना क्षेत्र में नेग को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना भड़क गया कि किन्नरों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से शादी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया और दूल्हे का चचेरा भाई खून से लथपथ हो गया।

2 min read
Google source verification

बदायूं। खुशियों के बीच आई बारात अचानक दहशत में बदल गई। कुंवरगांव थाना क्षेत्र में नेग को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना भड़क गया कि किन्नरों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से शादी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया और दूल्हे का चचेरा भाई खून से लथपथ हो गया।

थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव निवासी प्रेम सिंह की बेटी की शादी में मूसाझाग थाना क्षेत्र के कथरा खगेई से बारात आई थी। गुरुवार सुबह किन्नर बोलेरो गाड़ी से नेग लेने पहुंचे। शुरुआत में रस्म अदायगी चल रही थी, लेकिन नेग की रकम को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बहस तेज झगड़े में बदल गई।

बोलेरो से निकला तमंचा, दनादन चली गोलियां

लोगों के मुताबिक, विवाद बढ़ते ही किन्नरों ने अपनी बोलेरो से तमंचा निकाल लिया और बिना सोचे-समझे चार से पांच राउंड फायर झोंक दिए। अचानक हुई फायरिंग से शादी समारोह में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, वहीं कई महिलाएं और बच्चे डर के मारे चीखने लगे। फायरिंग के दौरान दूल्हे का 21 वर्षीय चचेरा भाई गौरव पुत्र योगेंद्र गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जमीन पर गिरते ही वह तड़पने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और बढ़ गई। परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस पहुंची, एक किन्नर दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने मौके से एक किन्नर को हिरासत में ले लिया और उसके पास से तमंचा बरामद किया। बाकी आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। सीओ सिटी ने बताया कि किन्नरों की बोलेरो गाड़ी से तमंचे और लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शादी में दहशत फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।