23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली जंक्शन पर चलती ट्रेन से टीटी ने यात्री को दिया धक्का, जिला अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक

चलती ट्रेन से यात्री को धक्का देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल यात्री ने टिकट चेकिंग के दौरान टीटी पर धक्का देने का गंभीर आरोप लगाया है। हादसे के बाद से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि घायल की हालत जिला अस्पताल में नाजुक बनी हुई है।

2 min read
Google source verification

बरेली। चलती ट्रेन से यात्री को धक्का देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल यात्री ने टिकट चेकिंग के दौरान टीटी पर धक्का देने का गंभीर आरोप लगाया है। हादसे के बाद से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि घायल की हालत जिला अस्पताल में नाजुक बनी हुई है।

शाहजहांपुर जिले के रोजा थाना क्षेत्र के गांव हथोड़ा बुजुर्ग निवासी 35 वर्षीय शैलेश बुधवार को अवध असम एक्सप्रेस से बरेली कमिश्नरी कोर्ट में तारीख लेने आ रहे थे। आरोप है कि कैंट थाना क्षेत्र में टिकट चेकिंग के दौरान टीटी संतोष कुमार ने उन्हें पकड़ लिया और 3500 रुपये जुर्माने की मांग की। शैलेश के मुताबिक, जब उन्होंने जुर्माना कम करने की बात कही तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर टीटी ने उन्हें चलती ट्रेन से बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर धक्का दे दिया।

प्लेटफॉर्म पर गिरते ही मची अफरा-तफरी

चलती ट्रेन से गिरते ही प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद यात्रियों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में शैलेश के पैर में फ्रैक्चर हो गया है, जबकि कमर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और लगातार निगरानी में इलाज किया जा रहा है।

पत्नी का फूटा दर्द: जुर्माना दे देते, जान से क्यों खेला

घायल की पत्नी पूनम अस्पताल पहुंचकर फफक पड़ीं। उन्होंने कहा कि अगर उनके पति के पास टिकट नहीं था तो वे जुर्माना भरने को तैयार थे, लेकिन इस तरह चलती ट्रेन से धक्का देना जानलेवा हो सकता था। पूनम ने बताया कि शैलेश जन सेवा केंद्र चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और परिवार में दोनों ही पति-पत्नी हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं रेलवे प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहा है। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित टीटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।