बरेली

कान्हा उपवन में भूख से गायों की मौत का आरोप, गो रक्षा परिषद ने किया हंगामा, गेट पर धरना, मौके पर पहुंची पुलिस

सीबीगंज स्थित कान्हा उपवन गोशाला शनिवार को अखिल भारतीय गो रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। संगठन का आरोप है कि गोशाला में कई गायें चारा न मिलने के कारण भूख से मर गई हैं।

2 min read
Feb 14, 2026

बरेली। सीबीगंज स्थित कान्हा उपवन गोशाला शनिवार को अखिल भारतीय गो रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। संगठन का आरोप है कि गोशाला में कई गायें चारा न मिलने के कारण भूख से मर गई हैं। इस आरोप के बाद कार्यकर्ताओं ने गोशाला के बाहर धरना दे दिया।

संगठन के अध्यक्ष हेमन्त गंगवार ने बताया कि दोपहर में कार्यकर्ता गायों की स्थिति देखने कान्हा उपवन पहुंचे थे, लेकिन वहां तैनात गार्ड ने गेट खोलने से इंकार कर दिया। गार्ड का कहना था कि बिना लिखित आदेश किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यदि सब कुछ ठीक है तो उन्हें अंदर जाकर हालात देखने से क्यों रोका जा रहा है। बात बढ़ते-बढ़ते हंगामे में बदल गई। आक्रोशित कार्यकर्ता गोशाला के मुख्य गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और गोशाला की व्यवस्थाओं की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे सीओ सेकेंड

मामले की सूचना मिलते ही सीओ सेकेंड, सीबीगंज व फतेहगंज क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। कार्यकर्ताओं ने बरेली के महापौर उमेश गौतम से फोन पर बातचीत कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया। साथ ही नगर आयुक्त को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।

जांच और कार्रवाई की मांग

संगठन ने आरोप लगाया कि यदि गोशाला में चारे और देखभाल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है तो यह गंभीर लापरवाही है। उनका कहना है कि गोमाता की सेवा के नाम पर कोई भी अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले को शांत कराने में जुटे हैं। नगर निगम की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले ने शहर में चर्चा का विषय बना लिया है।

Also Read
View All

अगली खबर