बरेली

अलनिशा रेस्टोरेंट के खाने में डाले जा रहे फंगस लगे काजू, एफएसडीए ने मारा छापा, बीएल एग्रो का तेल-रिफाइंड भी जांच में फेल

शहर में मिलावटखोरी के खिलाफ एफएसडीए की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। टीम ने ठिरिया में अलनिशा रेस्टोरेंट समेत कई जगहों पर छापेमारी कर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, कुट्टू व सिंघाड़े का आटा, मूंगफली, कत्था, दूध और घी के नमूने भरे। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

2 min read
Apr 21, 2026

बरेली। शहर में मिलावटखोरी के खिलाफ एफएसडीए की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। टीम ने ठिरिया में अलनिशा रेस्टोरेंट समेत कई जगहों पर छापेमारी कर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, कुट्टू व सिंघाड़े का आटा, मूंगफली, कत्था, दूध और घी के नमूने भरे। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि कैंट क्षेत्र के ठिरिया निजावत रोड स्थित अलनिशा रेस्टोरेंट में फंगस लगे काजू को खाने के ऊपर लगाने की शिकायत पर टीम ने छापा मारा। मौके पर किचन का निरीक्षण किया गया और काजू का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अलनिशा रेस्टोरेंट के मालिक इमरान रजा खान ने बताया कि खाद्य विभाग की टीम आई थी, नियमित जांच के तहत सैंपल लिए गए हैं, हम पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं।

बीएल एग्रो का सरसों तेल और रिफाइंड जांच में फेल

परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बीएल एग्रो से लिए गए नमूनों ने चौंकाया है। फोर्टिफाइड रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और सरसों तेल की गुणवत्ता जांच में गड़बड़ी मिली है। कहीं सैपोनिफिकेशन वैल्यू कम तो कहीं ज्यादा पाई गई, जबकि कच्ची घानी सरसों तेल भी तय मानकों पर खरा नहीं उतरा। हालांकि कुछ उत्पाद सही पाए गए, लेकिन बड़े स्तर पर गड़बड़ी सामने आई है।

कुट्टू के आटे में मिलावट, दुकानों पर बिक रहा नकली माल

नकटिया और विशारतगंज के किराना स्टोरों से लिए गए कुट्टू के आटे के नमूनों में सिंघाड़े के आटे की मिलावट पाई गई। जांच रिपोर्ट के बाद इन्हें अधोमानक घोषित किया गया है। मीरगंज के श्याम किराना स्टोर से लिए गए मूंगफली के दानों में फंगस मिला, जिससे इसे असुरक्षित घोषित किया गया। वहीं भुता क्षेत्र की शारदा इंडस्ट्रीज से लिए गए कत्था के नमूने में भी फंगस पाया गया।

चीज में गड़बड़ी, गलत तरीके से बेचा जा रहा था उत्पाद

केशव ट्रेडर्स से लिए गए मोत्ज़रेला चीज के नमूने को जांच में मिथ्याछाप पाया गया। जांच में सामने आया कि उत्पाद को गलत तरीके से बेचा जा रहा था। वहीं पुराना शहर स्थित टेस्टी मिल्क डेयरी से लिए गए दूध और खुले घी के नमूनों में भी गड़बड़ी मिली। दोनों में फैट की मात्रा तय मानक से कम पाई गई, जिससे इन्हें अधोमानक घोषित किया गया।

बाजार में बिक रहा नकली पानी

बहेड़ी के बाईपास रोड स्थित सिंह बेबेरेजेज से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (Puraua) के सैंपल में मैग्नीशियम की मात्रा तय मानक से कम पाई गई। रिपोर्ट आने के बाद इसे अधोमानक घोषित कर दिया गया। इससे साफ है कि बाजार में बिक रहा पानी भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी संबंधित कारोबारियों को 30 दिन के भीतर अपील करने का मौका दिया है। यदि समय रहते अपील नहीं की गई तो विभाग सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा। अपील मिलने पर नमूनों को केंद्रीय प्रयोगशाला भेजकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Also Read
View All